उत्तर प्रदेश: गन्ना किसान संस्थान को फिर से शुरू कराने की मांग, पिपराइच विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

गोरखपुर : गोरखपुर के पिपराइच स्थित गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र को दोबारा पूरी क्षमता के साथ शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर संस्थान की प्रशिक्षण गतिविधियों को फिर से नियमित रूप से संचालित कराने का अनुरोध किया है। विधायक ने कहा कि, यह संस्थान पूर्वांचल के गन्ना किसानों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण, कृषि मार्गदर्शन और जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय से इसकी गतिविधियां लगभग ठप हैं, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और विभागीय योजनाओं की जानकारी से वंचित होना पड़ रहा है।

आठ महीने से बंद हैं प्रशिक्षण कार्यक्रम…

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना किसान संस्थान की गतिविधियों के ठप होने का मुद्दा हाल ही में प्रमुखता से सामने आया था। करीब 25 हजार किसानों को प्रशिक्षण देने वाला यह केंद्र पिछले आठ महीने से निष्क्रिय बताया जा रहा है। वहीं, 8 जून को संस्थान में तैनात सभी कर्मचारियों को लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया था। वर्ष 1978 से सक्रिय यह संस्थान पूर्वांचल के करीब 12 जिलों के गन्ना किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराता रहा है।

आधुनिक तकनीक और उन्नत खेती का मिलता था प्रशिक्षण…

विधायक महेंद्र पाल सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि गन्ना विकास विभाग द्वारा वर्ष 1978 में स्थापित इस संस्थान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत गन्ना उत्पादन, बीज प्रबंधन, फसल संरक्षण, सिंचाई व्यवस्था और उत्पादन बढ़ाने के तरीकों की जानकारी देना था। संस्थान के माध्यम से किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, अध्ययन भ्रमण और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती थीं। इन कार्यक्रमों से किसानों को खेती की नई तकनीकों और बेहतर उत्पादन पद्धतियों का लाभ मिलता था।

पूर्वांचल के किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र…

गोरखपुर मंडल समेत पूर्वांचल के लगभग 12 जिलों के किसानों के लिए यह संस्थान लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। प्रशिक्षण गतिविधियों के बंद होने और अधिकारियों-कर्मचारियों के अन्यत्र संबद्ध किए जाने से किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन का नुकसान हो रहा है।

मुख्यमंत्री से पुनः संचालन की मांग…

पिपराइच विधायक ने मुख्यमंत्री से पूर्वांचल के गन्ना किसानों के हित में गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र को जल्द से जल्द पुनः सक्रिय कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभाग को नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने और संस्थान को पहले की तरह पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here