पीलीभीत : गन्ना किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने एक बार फिर गन्ना अधिकारी के कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया है। संगठन का यह तीसरा धरना है। किसानों का आरोप है कि, चीनी मिलों की ओर से उनके गन्ने का बकाया भुगतान अब तक नहीं किया गया है। वहीं, भुगतान में हो रही देरी के बावजूद किसानों को नियमानुसार ब्याज भी नहीं दिया जा रहा है।
शुक्रवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गन्ना कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों की समस्याओं और गन्ने से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। संगठन का कहना है कि, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और बकाया भुगतान के लिए उन्हें लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
संगठन के मंडल संयोजक गुल्लू पहलवान ने बताया कि इससे पहले भी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था, लेकिन किसानों की समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान तक धरना जारी रखा जाएगा। धरने में नत्थूलाल, फूलचंद्र, देवेंद्र कुमार, सियाराम, हरीश गंगवार और नरेश गंगवार समेत संगठन के कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।


















