बागपत: मलकपुर चीनी मिल का चालू पेराई सत्र शनिवार को समाप्त हो गया, लेकिन किसानों के 350 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक लंबित है। मिल में चीनी, सीरा और अन्य उत्पादों का पर्याप्त भंडार होने के बावजूद किसानों को उनका पैसा नहीं मिल पाया है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस सत्र में मिल ने करीब 1 करोड़ 3 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 25 लाख क्विंटल कम है। पेराई सत्र पूरा होने के बाद गुरुवार रात मिल को बंद कर दिया गया।
यूनिट हेड विपिन चौधरी ने दैनिक ‘भास्कर’ को बताया कि, पिछले सत्र का बकाया भुगतान पहले ही किया जा चुका है, जबकि इस सत्र का 350 करोड़ रुपये अभी देना बाकी है। मिल में लगभग 200 करोड़ रुपये मूल्य की चीनी और सीरा का स्टॉक मौजूद है, लेकिन उसका निपटान अभी नहीं हुआ है। इस मिल को करीब 30 हजार किसानों ने गन्ना आपूर्ति की, जो 26 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खेती करते हैं। प्रबंधन का कहना है कि अगले पेराई सत्र से पहले स्टॉक बेचकर किसानों का पूरा भुगतान कर दिया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी न झेलनी पड़े।


















