उत्तर प्रदेश : 50% अनुदान पर किसानों को मिले आधुनिक कृषि यंत्र, गन्ना उत्पादन बढ़ाने पर जोर

सीतापुर : अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड ने क्षेत्र के किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 50 प्रतिशत अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र वितरित किए। मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों का तिलक, माल्यार्पण और मिष्ठान भेंट कर सम्मानपूर्वक कृषि यंत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में उप गन्ना आयुक्त, लखनऊ परिक्षेत्र डॉ. आरडी द्विवेदी, जिला गन्ना अधिकारी रत्नेश्वर त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी लखीमपुर जितेंद्र मिश्रा तथा अधिशासी अध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित ने किसानों को कृषि यंत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर डॉ. आरडी द्विवेदी ने कहा कि, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और उत्पादनक्षम बनाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया। अधिशासी अध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित ने बताया कि, हरगांव चीनी मिल पिछले कई वर्षों से किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर छोटे ट्रैक्टर, ट्रेंच प्लांटर, ट्रैक्टर चालित स्प्रे मशीन, स्वचालित गन्ना बुवाई मशीन, पेड़ी प्रबंधन मशीन तथा गन्ने में मिट्टी चढ़ाने वाले आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है। इससे क्षेत्र में गन्ने की उत्पादकता में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने कहा कि, कृषि क्षेत्र में श्रमिकों की कमी और बढ़ती लागत की समस्या का समाधान आधुनिक कृषि यंत्रों के व्यापक उपयोग से ही संभव है। विशेष रूप से मिट्टी चढ़ाने वाली मशीन कम समय और कम खर्च में प्रभावी ढंग से कार्य करती है, जिससे किसानों को आर्थिक लाभ मिलता है। उन्होंने किसानों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम में अधिशासी उपाध्यक्ष शरद सिंह, सचिव आनंद प्रकाश दुबे, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक दिलीप सिंह, गन्ना महाप्रबंधक संजीव राणा, मनोज निर्वाल, अजयभानु सिंह, विनीत सिसौदिया, प्रदीप सिंह सहित गन्ना विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here