उत्तर प्रदेश : पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, चार टैंकर जब्त

मथुरा : पुलिस, आबकारी विभाग और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर बाजार में बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए ढाबा संचालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चार टैंकर, 300 लीटर अपमिश्रित पदार्थ तथा तेल निकालने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात जमुनापार क्षेत्र स्थित ब्रजवासी ढाबे पर टैंकरों से एथेनॉल निकाले जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची संयुक्त टीम ने छापा मारा, जिसमें भागने की कोशिश कर रहे सभी आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ढाबा संचालक भूरा उर्फ मनोज निवासी लालगढ़ी, इगलास थाना क्षेत्र, अलीगढ़ के अलावा राजेंद्र प्रसाद उर्फ बबलू निवासी ग्राम सामरा, किरावली थाना, आगरा, ओमपाल निवासी खरसौली, हसनपुर थाना, अमरोहा, अंसार निवासी हुमायूं नगर, लोहियानगर थाना, मेरठ तथा प्रमोद कुमार निवासी सिहाली नागर, आहार थाना, बुलंदशहर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ढाबा संचालक इस गिरोह का मास्टरमाइंड था और टैंकर चालकों की मिलीभगत से यह सिंडिकेट संचालित हो रहा था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिजनौर शुगर मिल से एथेनॉल के टैंकर रिफाइनरी के लिए रवाना होते थे। रास्ते में चालक लक्ष्मीनगर गोकुल रोड पर ब्रजवासी ढाबे पर टैंकर रोककर रात में एथेनॉल निकालते थे। निकाले गए एथेनॉल को ईको कार से राजस्थान के भरतपुर जिले में भेजा जाता था, जहां इसे पेट्रोल में मिलाकर बाजारों में बेचा जाता था। आरोपी कई वर्षों से यह धंधा करते आ रहे थे।जिला पूर्ति अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध जमुनापार थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके बाद सभी पांचों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here