लखीमपुर : चालू पेराई सत्र में गन्ने की भारी कमी के कारण ऐरा स्थित गोविंद शुगर मिल को एक बार फिर बंद करने की स्थिति बन गई है। मिल प्रबंधन ने 4 अप्रैल से दूसरी बार मिल बंद करने की सूचना जारी की है, जिससे इलाके के किसानों में चिंता बढ़ गई है।प्रबंधन के मुताबिक, गन्ना आयुक्त द्वारा तय सुरक्षित और अभ्यर्पित क्षेत्रों के सभी मिलगेट और बाहरी क्रय केंद्रों पर तय कार्यक्रम के अनुसार इंडेंट भेजे जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित मात्रा में गन्ना नहीं पहुंच पा रहा है। कई बाहरी केंद्र गन्ने की कमी के चलते बंद हो चुके हैं, जबकि बाकी केंद्रों पर सीमित खुली खरीद के लिए पर्चियां जारी करनी पड़ी हैं।
मौजूदा हालात बताते हैं कि, अधिकतर किसानों के पास अब आपूर्ति योग्य गन्ना खत्म हो चुका है या खत्म होने की कगार पर है। इसी वजह से मिल को धीमी गति से चलाना पड़ रहा था, जिसके चलते अंततः बंदी का फैसला लेना पड़ा।मिल प्रशासन ने सहकारी गन्ना विकास समितियों के जरिए किसानों से अपील की है कि बीज गन्ने को छोड़कर यदि उनके पास कोई भी गन्ना शेष है, तो उसे तुरंत मिल या नजदीकी क्रय केंद्रों तक पहुंचाएं। प्रबंधन का कहना है कि समय पर आपूर्ति होने से मिल का संचालन जारी रह सकेगा और किसानों को भी फायदा होगा।


















