मेरठ: मवाना शुगर मिल में गन्ने की आवक लगातार घट रही हैं।मिल के 165 क्रय केंद्रों में से 50 केंद्र गन्ना न मिलने की वजह से बंद हो चुके हैं। मिल में भी गन्ने की आपूर्ति कम हो रही है, जिससे अप्रैल महीने में मिल के बंद होने की आशंका जताई जा रही है।क्षेत्र की टिकौला शुगर मिल ने अपना पेराई सत्र पूरा कर सोमवार को संचालन बंद कर दिया है। वहीं, मवाना शुगर मिल के भी कई क्रय केंद्र बंद हो चुके हैं। इस संबंध में मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने बताया कि, गन्ने की आपूर्ति में कमी आई है, जिसके चलते तीन में से केवल दो चैन ही संचालित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि, मिल की पेराई क्षमता 1.30 लाख क्विंटल गन्ना प्रतिदिन की है, जबकि वर्तमान में केवल 80 हजार क्विंटल गन्ना ही मिल पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, जब तक गन्ने की उपलब्धता रहेगी, मिल का संचालन जारी रहेगा। साथ ही किसानों से साफ और अच्छी गुणवत्ता वाला गन्ना आपूर्ति करने की अपील भी की गई है। मिल प्रबंधन के अनुसार, यदि यही स्थिति बनी रही तो अप्रैल के पहले सप्ताह में मिल बंद करने का पहला नोटिस जारी किया जा सकता है। मिल बंद करने से पहले तीन चरणों में नोटिस जारी किए जाते हैं, ताकि सभी किसान समय रहते अपना गन्ना मिल तक पहुंचा सकें।


















