शामली: गन्ने का सीजन शुरू होते ही गांवों में कोल्हू चलने लगे हैं। कोल्हुओं में गुड़ और शक्कर बनाने का काम शुरू हो गया है, लेकिन शुरुआती दौर में गन्ने से कम रिकवरी मिलने के कारण संचालकों की चिंता बढ़ गई है। संचालकों के मुताबिक, फिलहाल गन्ने से करीब 10 प्रतिशत ही रिकवरी मिल रही है। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, शुरुआत में गन्ने से गुड़ और शक्कर तैयार की जा रही है, लेकिन उत्पादों में अपेक्षित मिठास नहीं आ रही है। इसके चलते शक्कर में मिठास बढ़ाने के लिए चीनी मिलानी पड़ रही है। इससे उत्पादन लागत बढ़ रही है और मुनाफे पर असर पड़ रहा है।
गन्ने के दाम और बाजार भाव पर टिकी नजर
कोल्हू संचालकों का कहना है कि, उन्हें गन्ना महंगे दामों पर खरीदना पड़ रहा है, जबकि गुड़ और शक्कर के बाजार भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहता है। ऐसी स्थिति में उत्पादन लागत निकालना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। फिलहाल कम रिकवरी के कारण कोल्हू संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्हें उम्मीद है कि जैसे-जैसे गन्ने की रिकवरी बढ़ेगी, गुड़ और शक्कर का उत्पादन बेहतर होगा और कारोबार में मुनाफा कमाने की गुंजाइश बनेगी।
चीनी मिलें शुरू नहीं, खेत खाली करने की मजबूरी
खबर के मुताबिक, शामली जिले में अभी तक चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में जिन किसानों को अपने खेतों में सरसों या गेहूं की बुवाई करनी है, वे खेत खाली करने के लिए गन्ना कोल्हुओं पर भेज रहे हैं। इसके चलते कोल्हुओं पर गन्ने की आवक बनी हुई है। किसानों के लिए समय पर खेत खाली करना जरूरी है, ताकि वे अगली फसल की बुवाई कर सकें। वहीं, कोल्हू संचालक कम रिकवरी और बाजार भाव में उतार-चढ़ाव के बीच अपना कारोबार चलाने को मजबूर हैं।


















