बरेली: जिले के गन्ना किसान इन दिनों दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और उत्पादन घटने से किसानों का मुनाफा कम हो गया है, वहीं दूसरी ओर चीनी मिलों के बंद होने से गन्ने की बिक्री भी गंभीर समस्या बन गई है। नवाबगंज स्थित ओसवाल चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र से ताला लगा हुआ है। पेराई सत्र 2023-24 के 15 करोड़ रुपये और 2024-25 के 39.5 करोड़ रुपये के गन्ना भुगतान में विफल रहने के कारण मिल का संचालन बंद हो गया। इसके बाद मिल के गन्ना खरीद केंद्र अन्य चीनी मिलों से संबद्ध कर दिए गए। इसी तरह बहेड़ी की केसर चीनी मिल भी वित्तीय संकट से जूझ रही है। सत्र 2024-25 के 142 करोड़ रुपये और 2025-26 के 17 करोड़ रुपये के भुगतान में असफल रहने के कारण इस मिल पर भी बंदी का खतरा मंडरा रहा है।
गन्ना खरीद केंद्रों में कटौती से बढ़ी परेशानी
पिछले पेराई सत्र में ही केसर चीनी मिल का कार्यक्षेत्र कम कर दिया गया था। वर्ष 2018 तक मिल के पास 52 गन्ना खरीद केंद्र थे, लेकिन भुगतान में लगातार देरी के कारण किसानों के बढ़ते आक्रोश के बीच 24 केंद्र अन्य मिलों को हस्तांतरित कर दिए गए। यहां तक कि मिल गेट से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तक स्थित कई केंद्र भी दूसरी मिलों को दे दिए गए। इसका असर सीधे मिल के संचालन पर पड़ा। पर्याप्त गन्ना नहीं मिलने के कारण पेराई सत्र के दौरान कई बार ‘नो केन’ (गन्ना उपलब्ध न होना) की स्थिति बनी और मिल को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। अब यह भी स्पष्ट नहीं है कि आगामी पेराई सत्र में केसर चीनी मिल चालू हो पाएगी या नहीं।
किसानों को औने-पौने दाम पर गन्ना बेचने की मजबूरी
स्थानीय किसानों का कहना है कि खरीद केंद्र भले ही दूसरी मिलों को दे दिए गए हों, लेकिन वहां गन्ना बेचने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संबंधित मिलें पहले अपने क्षेत्र के किसानों का गन्ना खरीदने को प्राथमिकता देती हैं, जिससे अन्य किसानों को इंतजार करना पड़ता है। इसी कारण अनेक किसान कम कीमत पर क्रशर संचालकों को गन्ना बेचने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
किसानों की पीड़ा
किसान गंगाराम का कहना है कि क्षेत्र में चीनी मिल होने से किसानों को कई सुविधाएं मिलती हैं। अब गन्ने की तौल तो किसी तरह हो जाती है, लेकिन भुगतान या अन्य शिकायतों के समाधान के लिए दूर स्थित दूसरी मिलों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उनके अनुसार क्षेत्र के विकास के लिए स्थानीय चीनी मिल का चालू रहना आवश्यक है। किसान हरपाल ने कहा कि समय पर भुगतान न मिलने के कारण बेटियों और बेटों की शादी जैसे सामाजिक दायित्वों के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी किसानों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया।
जमीन की नीलामी भी अटकी
केसर चीनी मिल की मुड़िया मुकर्रमपुर स्थित लगभग साढ़े 11 एकड़ जमीन की 31 मई को 28.5 करोड़ रुपये में नीलामी हुई थी। स्थानीय लोगों ने इसे कम कीमत पर की गई बिक्री बताते हुए विरोध किया, जिसके बाद जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने नीलामी रद्द कर दी। नई नीलामी अब सर्किल रेट तय न होने के कारण अटकी हुई है। प्रशासन ने कहा था कि 1 अगस्त के बाद नए सर्किल रेट जारी होने पर नीलामी कराई जाएगी, लेकिन अब तक नई दरें निर्धारित नहीं हो सकी हैं। दूसरी ओर मिल प्रबंधन चीनी मिल को बेचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसमें भी सफलता नहीं मिली है।
समाधान को लेकर अलग-अलग राय
केसर चीनी मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शरद मिश्र का कहना है कि यदि सरकार मिल की जमीन को बंधक रखकर ऋण उपलब्ध कराए तो संकट का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि किसान भुगतान को लेकर नाराज हैं, लेकिन वे भी नहीं चाहते कि क्षेत्र की चीनी मिल बंद हो। वहीं जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी का कहना है कि चीनी मिलों को सरकारी ऋण देना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उनके अनुसार प्रदेश की कई चीनी मिलों पर भारी बकाया है और सरकार सभी को आर्थिक सहायता नहीं दे सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस मिल ने गन्ना खरीदा है, भुगतान की जिम्मेदारी उसी की है।


















