मेरठ : गन्ने की लोकप्रिय प्रजाति सीओ-0238 में रेड रॉट बीमारी के बढ़ते प्रकोप ने किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। लंबे समय तक एक ही प्रजाति पर निर्भरता के कारण खेतों में प्रजातीय विविधता कम हुई, जिससे बीमारी का असर तेजी से बढ़ा। अब वैज्ञानिक ऐसी नई गन्ना प्रजाति विकसित करने में जुटे हैं, जो सीओ-0238 की तरह अधिक उपज और बेहतर चीनी रिकवरी देने के साथ रोगों के प्रति भी मजबूत हो। गन्ना विकास विभाग के सामने फिलहाल दोहरी चुनौती है। एक तरफ सीओ-0238 के बड़े क्षेत्रफल को दूसरी प्रजातियों से बदलना है, वहीं दूसरी ओर किसानों को ऐसी किस्म उपलब्ध करानी है, जिससे उत्पादन और चीनी रिकवरी में नुकसान न हो।
रोगरोधी बीज तैयार करने की तैयारी
शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध परिषद के वैज्ञानिकों ने रेड रॉट के नियंत्रण की दिशा में दो उपयोगी बैक्टीरियल स्ट्रेन—स्टेनोट्रोफोमोनास माल्टोफिलिया बी-2132 और स्यूडोमोनास स्टटजेरी बी-2133—की पहचान की है। इनकी मदद से रोगरोधी बीज तैयार कर प्रदेश के 48 गन्ना उत्पादक जिलों के किसानों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।
सीओ-0238 के कई विकल्प तैयार
गन्ना शोध संस्थानों ने सीओ-0238 के विकल्प के तौर पर कई अगेती और उन्नत प्रजातियां विकसित की हैं। इनकी संभावित उपज 900 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक बताई जा रही है। गन्ना शोध परिषद ने कोशा-13235, कोशा-18231, कोशा-17231 और कोशा-19231 जैसी अगेती प्रजातियां विकसित की हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार इनकी उत्पादन क्षमता सीओ-0238 के करीब है। हालांकि, किसानों के बीच इन प्रजातियों पर भरोसा बढ़ाना और इनका क्षेत्रफल बढ़ाना अभी चुनौती बना हुआ है। लखनऊ स्थित संस्थान की लख-14201 और कोलख-16202 भी विकल्प के तौर पर उपलब्ध हैं।
किसानों को अभी भी 0238 जैसी पैदावार का इंतजार
मेरठ मंडल और आसपास के जिलों में किसान अब सीओ-0238 की जगह दूसरी प्रजातियों को अपना रहे हैं। इनमें कोशा-0118, कोशा-14098, कोशा-15023, कोशा-9709 और कोशा-5011 प्रमुख हैं। हालांकि किसानों का कहना है कि नई प्रजातियां अभी तक सीओ-0238 जैसी स्थिर पैदावार और चीनी रिकवरी का भरोसा नहीं दे पाई हैं। कई क्षेत्रों में आज भी सीओ-0238 का हिस्सा 30 से 40 प्रतिशत तक बना हुआ है। बरकातपुर चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक विकास पुंडीर के अनुसार, एक समय खेतों में लगभग हर जगह सीओ-0238 ही नजर आती थी। ट्रेंच विधि से इसकी बंपर पैदावार होती थी और सामान्य विधि से भी उत्पादन अच्छा रहता था। अब किसानों को दूसरी प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन अभी कोई भी प्रजाति सीओ-0238 जैसी पैदावार नहीं दे सकी है।
चार वर्षों में 12.38 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुआ बदलाव
प्रदेश में सीओ-0238 का विस्तार तेजी से हुआ था। वर्ष 2013-14 में 20 जिलों में इसका क्षेत्रफल 72,623 हेक्टेयर (3.1 प्रतिशत) था, जो अगले ही साल बढ़कर 1.76 लाख हेक्टेयर (8.3 प्रतिशत) हो गया। इसके बाद इसका क्षेत्रफल लगातार बढ़ता गया और गन्ने के बड़े हिस्से में यही प्रजाति प्रमुख हो गई। रेड रॉट का प्रकोप बढ़ने के बाद गन्ना विभाग ने इसका क्षेत्रफल दूसरी प्रजातियों से बदलना शुरू किया। पेराई सत्र 2023-24 में सीओ-0238 की खेती 17.76 लाख हेक्टेयर में थी, जो 2025-26 में घटकर 8.34 लाख हेक्टेयर रह गई। अनुमान के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में करीब 12.38 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सीओ-0238 को दूसरी प्रजातियों से बदला गया है। इसके बावजूद कई इलाकों में इस प्रजाति में रेड रॉट की मौजूदगी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।


















