उत्तर प्रदेश : सोनभद्र बनेगा मक्का उत्पादन का नया केंद्र, एथेनॉल उद्योग को मिलेगी मजबूती

सोनभद्र : सोनभद्र जिला अब मक्का उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। एथेनॉल की बढ़ती मांग को देखते हुए इस खरीफ सीजन में जिले में मक्का की खेती का रकबा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस बार 77,082 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का की बुवाई का लक्ष्य रखा गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुना है।पिछले साल जिले में 38,201 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का की खेती हुई थी।जिले के दुद्धी, बभनी, म्योरपुर और कोन क्षेत्र मक्का उत्पादन के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं। यहां की जलवायु और मिट्टी मक्का की खेती के लिए बेहद उपयुक्त है। बेहतर बाजार मूल्य और एथेनॉल उद्योग में बढ़ती मांग के चलते किसानों का रुझान भी मक्का की खेती की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

खबर में कहा गया है की, प्रदेश सरकार की यूपी एग्रोज योजना के तहत पूर्वांचल के वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र को शामिल कर पायलट प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। इसके जरिए किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और खेती से जुड़ा प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी इजाफा होने की उम्मीद है।इस बार खास बात यह है कि खरीफ सीजन में जिले में मक्का का रकबा धान से भी ज्यादा निर्धारित किया गया है। जहां धान की खेती का लक्ष्य 68,073 हेक्टेयर रखा गया है, वहीं मक्का का लक्ष्य 77,082 हेक्टेयर तय किया गया है। अरहर तीसरे स्थान पर है, जिसका बुवाई लक्ष्य 28,604 हेक्टेयर रखा गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जनपद में इस बार कुल खरीफ फसल का लक्ष्य करीब 2.01 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ज्वार, बाजरा, उड़द, मूंग, तिल और मूंगफली जैसी फसलों की खेती भी बड़े पैमाने पर की जाएगी। कृषि विभाग के अनुसार एथेनॉल की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए मक्का उत्पादन बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इससे न सिर्फ एथेनॉल उद्योग को कच्चा माल मिलेगा, बल्कि किसानों को भी बेहतर आमदनी का अवसर प्राप्त होगा। आने वाले समय में सोनभद्र पूर्वांचल में मक्का उत्पादन का बड़ा केंद्र बनकर उभर सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here