बलरामपुर: उतरौला स्थित इटई मैदा चीनी मिल में गन्ना विकास परिषद द्वारा संयुक्त प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना सर्वेक्षण सत्र 2025-26 की तैयारियों के तहत आयोजित की गई, जिसमें मिल के फील्ड स्टाफ, परिषद के गन्ना पर्यवेक्षक और समिति के कर्मचारी शामिल हुए।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि, गन्ना सर्वेक्षण कार्य 1 मई से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा।उन्होंने सर्वे नीति के सभी बिंदुओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को गन्ना प्रजातियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों से घोषणा पत्र भरवाने, प्लॉट सर्वे के दौरान फसल की स्थिति के अनुसार सलाह देने, समिति की सदस्यता के लिए जागरूक करने और उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताने पर जोर दिया गया।
इटई मैदा चीनी मिल के वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक निखिलेश कुमार सिंह ने सर्वे कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने दोनों पालियों में सर्वेक्षण कार्य को पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने तथा इसका व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। आईटी हेड एसएन उपाध्याय ने प्रशिक्षुओं को बताया कि केवल पौधा गन्ना का सर्वे और पेड़ी गन्ना का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने एचएचसी के माध्यम से सर्वे के दौरान होने वाली त्रुटियों और उनके सुधार की प्रक्रिया भी समझाई। बैठक में कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


















