उत्तर प्रदेश : किसानों के गन्ना भुगतान में देरी पर हाई कोर्ट का कड़ा रुख, गन्ना आयुक्त को किया तलब

लखनऊ : गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में देरी और देरी की अवधि पर देय ब्याज के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने राज्य सरकार की ओर से मांगी गई पूरी और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न कराने पर गन्ना आयुक्त को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया है।न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की पीठ ने यह आदेश किसान मजदूर संगठन के संयोजक वीएम सिंह की वर्ष 2006 से लंबित जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त को होगी।याचिका में वर्ष 1996-97 से अब तक गन्ना किसानों को भुगतान में हुई देरी पर कानून के अनुसार ब्याज दिलाने की मांग की गई है। कोर्ट ने कहा कि किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित कराना गन्ना आयुक्त की वैधानिक जिम्मेदारी है।

कोर्ट ने मांगा वर्षवार पूरा रिकॉर्ड

ChiniMandi WhatsApp Channel

अदालत ने कहा कि, उसके 1 मई 2024 के आदेश में वर्ष 1996-97 से अब तक का वर्षवार पूरा रिकॉर्ड मांगा गया था। इसमें यह जानकारी शामिल होनी थी कि कितनी राशि समय पर चुकाई गई, कितनी राशि में देरी हुई और देरी से भुगतान पर कितना ब्याज लगाया गया तथा किसानों को कितना ब्याज दिया गया। पीठ ने कहा कि सरकार की ओर से दाखिल हलफनामा इन सवालों का सीधा जवाब नहीं देता। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि स्पष्ट जवाब देने से बचने का प्रयास किया गया है।

14 दिन बाद भुगतान पर 15 प्रतिशत ब्याज का प्रावधान

हाई कोर्ट ने अपने 23 दिसंबर 2021 के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि चीनी मिलों के लिए गन्ने का मूल्य 14 दिन के भीतर चुकाना अनिवार्य है। यदि भुगतान 14 दिन के बाद किया जाता है तो किसानों को 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दिया जाना चाहिए। अदालत ने कहा कि इस फैसले के खिलाफ दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) खारिज हो चुकी है। ऐसे में यह निर्णय राज्य सरकार के लिए अंतिम है।

ब्याज की रकम सैकड़ों या हजारों करोड़ तक पहुंचने की आशंका

पीठ ने कहा कि यदि वर्ष 1996 से अब तक किसानों को देरी से किए गए भुगतान पर निर्धारित ब्याज नहीं मिला है तो यह रकम सैकड़ों करोड़ रुपये और संभवतः हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। ऐसे में यह भी तय करना होगा कि कानून के अनुसार कार्रवाई न होने के लिए जिम्मेदार कौन है।अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल यह तर्क स्वीकार नहीं किया जा सकता कि ब्याज का भुगतान करने से चीनी मिलें बंद हो सकती हैं। कोर्ट ने कहा कि चीनी मिलों के हितों के साथ-साथ गरीब गन्ना किसानों के अधिकारों की भी समान रूप से रक्षा की जानी चाहिए।

तीन चरणों में होगी बकाया भुगतान की समीक्षा

अपने आदेश में कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले की सुनवाई बकाए के तीन चरणों 1996 से 2006, 2007 से 2013 और 2014 से 2025-26 को ध्यान में रखकर करेगा। कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई पर गन्ना आयुक्त को यह भी बताना होगा कि वर्ष 2021 के फैसले के बाद जारी वसूली प्रमाणपत्रों में देरी से भुगतान पर 15 प्रतिशत ब्याज लगाया गया या नहीं।

चीनी मिल संघ ने जताया हजारों करोड़ के अतिरिक्त बोझ का दावा

सुनवाई के दौरान चीनी मिल संघ की ओर से दलील दी गई कि यदि देरी से भुगतान पर पूरा ब्याज देने का आदेश दिया गया तो चीनी मिलों पर हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है और कई मिलों के बंद होने की स्थिति पैदा हो सकती है। इस पर हाई कोर्ट ने कहा कि चीनी मिल संघ का तर्क अपनी जगह हो सकता है, लेकिन गरीब गन्ना किसानों के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here