लखीमपुर खीरी : जंगल से निकलकर अब बाघ और तेंदुए गन्ना खेतों को अपना घर बना रहे है। इससे निघासन क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में बाघ और तेंदुए की दहशत से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, बथुआ, नौरंगाबाद, बोझिया, सेमरापुरवा, गुनाखर टांडा, धर्मापुर, मुंशीगढ़, मटैहिया, शीतलापुर, खैरटिया, मंझरा पूरब, गोबिंदपुर, लालबोझी और ओरीपुरवा समेत कई गांवों के लोग भय के माहौल में रह रहे हैं। हाल ही में मझगई रेंज के धर्मापुर मार्ग पर बाघों का एक जोड़ा सड़क और गन्ने के खेत के आसपास दिखाई दिया था। इस घटना के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवार की सुरक्षा के साथ खेती-किसानी का काम जारी रखना है। खेतों में खड़ी फसल की देखभाल नहीं करने पर नुकसान का डर है, जबकि खेतों में जाने पर वन्यजीवों से सामना होने की आशंका बनी रहती है। खेती और मजदूरी पर निर्भर परिवारों के लिए यह दोहरी परेशानी बन गई है। दिन में सतर्क रहकर काम करना और शाम होते ही घरों में सिमट जाना उनकी मजबूरी बनती जा रही है।
निघासन क्षेत्र की दक्षिण निघासन, लुधौरी और बेलरायां रेंज में वन विभाग अब तक 15 तेंदुओं को रेस्क्यू कर पकड़ चुका है। इनमें बेलरायां रेंज में सबसे अधिक तेंदुए पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग की टीमें कई स्थानों पर कैमरे लगाकर वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। उनकी लोकेशन का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित पकड़ने की योजना बनाई जा रही है।
वन विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी ने ‘जागरण’ को बताया कि, पिछले छह महीनों में निघासन और बेलरायां रेंज से 15 तेंदुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। इनमें से कुछ तेंदुओं को पीलीभीत, पूरनपुर, इटावा सफारी पार्क और लखनऊ चिड़ियाघर भेजा गया, जबकि कुछ को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

















