देहरादून: डोईवाला शुगर मिल ने पेराई सत्र 2025-26 के तहत गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की दसवीं और अंतिम किश्त जारी कर दी है। मिल प्रशासन ने ₹2627.36 लाख (₹26.27 करोड़) की राशि जारी करते हुए गन्ना मूल्य के संपूर्ण भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस अंतिम किश्त के जारी होने के साथ ही विभिन्न गन्ना समितियों के माध्यम से मिल को आपूर्ति किए गए गन्ने के मूल्य की कुल ₹7425.30 लाख की देय राशि का 100 प्रतिशत भुगतान किसानों को कर दिया गया है। भुगतान की पूरी राशि किसानों के बैंक खातों में पहुंचने से क्षेत्र के गन्ना उत्पादकों में खुशी का माहौल है।
मिल प्रबंधन के अनुसार, यह भुगतान 22 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 के बीच मिल में आपूर्ति किए गए गन्ने के मूल्य के लिए संबंधित समितियों के माध्यम से किया गया है।जारी राशि में सहकारी गन्ना विकास समिति, डोईवाला को ₹1485.44 लाख तथा देहरादून गन्ना समिति को ₹765.30 लाख का भुगतान शामिल है। इसके अलावा ज्वालापुर समिति को ₹146.04 लाख, रुड़की समिति को ₹172.83 लाख, दि पांवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पांवटा को ₹37.50 लाख, दि शाकुम्बरी शुगर केन ग्रोवर्स सहकारी समिति, पांवटा को ₹7.91 लाख तथा लक्सर समिति को ₹12.34 लाख की राशि भी जारी की गई है।


















