काशीपुर: शरदकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने और चीनी परता में सुधार के उद्देश्य से गन्ना वैज्ञानिकों ने किसानों को नई स्वीकृत गन्ना प्रजातियों और आधुनिक खेती तकनीकों की जानकारी दी। गुरुवार को गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र में शरदकालीन गन्ना बुवाई एवं चीनी परता में सुधार विषय पर एक दिवसीय गन्ना कृषक गोष्ठी आयोजित की गई।गोष्ठी का शुभारंभ गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने किया। उन्होंने कहा कि, किसानों को उन्नत गन्ना प्रजातियों के बीज, खाद और दवाइयां समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से आगामी शरदकाल में अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई करने का आह्वान किया।
इन नई प्रजातियों की बुवाई पर जोर
गन्ना शोध केंद्र काशीपुर के वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कश्यप ने गन्ने की उत्पादकता और चीनी परता बढ़ाने के लिए अपनाई जाने वाली नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने शरदकालीन बुवाई के लिए किसानों को नई गन्ना प्रजातियों के बारे में विस्तार से बताया।उन्होंने कोलख 16202, कोशा 17231, कोशा 18231, कोशा 19231, कोशा 15023, कोलख 14201, कोपन्त 12226 और कोपन्त 12221 जैसी नवीनतम प्रजातियों की बुवाई पर जोर दिया।
रोग और कीटों की पहचान के साथ रोकथाम की जानकारी
गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर की डॉ. गीता शर्मा ने किसानों को गन्ने में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान और उनकी रोकथाम के उपाय बताए।वहीं, पंतनगर विश्वविद्यालय के डॉ. रवि मौर्या ने गन्ने में लगने वाले प्रमुख कीटों की पहचान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के तरीकों की जानकारी दी।गन्ना शोध केंद्र काशीपुर के प्रभारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने किसानों को उन्नत गन्ना खेती के साथ-साथ पेड़ी प्रबंधन की तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
वैज्ञानिकों ने किसानों की शंकाओं का किया समाधान
गोष्ठी के दौरान किसानों ने गन्ने की खेती, नई प्रजातियों, रोग-कीट नियंत्रण और पेड़ी प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों की शंकाओं का समाधान किया और आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई।कार्यक्रम में प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, हरिद्वार, देहरादून और ऊधमसिंह नगर के सहायक गन्ना आयुक्तों सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 80 किसान तथा 119 विभागीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।


















