उधम सिंह नगर : किसानों की आय में बढ़ोतरी और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से जेएनजी शुगर एंड बायोफ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड ने आधुनिक कृषि यंत्रों पर विशेष छूट देने की पहल शुरू की है। इसी क्रम में बुधवार को मिल परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष जनरैल सिंह और प्रबंध निदेशक आदित्य झांजी ने किसानों को रैटून वीडर रोटावेटर वितरित किए।
प्रबंध निदेशक आदित्य झांजी ने बताया कि कंपनी किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रियायती दरों पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने से उत्पादन में सुधार होगा और किसानों को अधिक मुनाफा मिल सकेगा। इस पहल की सराहना करते हुए गन्ना किसान राजेश कुमार ने कहा कि इससे किसानों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में देवेंद्र सिंह, हरी सिंह सहित मिल के अधिकारी रविंद्र ग्रेवाल, संजीव कुमार राठी और ओपी वर्मा भी मौजूद रहे।


















