हनोई : वियतनाम में E10 बायोफ्यूल (10 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित ईंधन) के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। इस बीच देश के एथेनॉल उत्पादकों ने घरेलू मांग बढ़ाने, कच्चे माल की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने और दीर्घकालिक खरीद अनुबंध लागू करने के लिए सरकार से नीतिगत समर्थन की मांग की है। वियतनाम के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय के अनुसार, उप मंत्री गुएन सिन्ह नहत तान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मध्य वियतनाम स्थित एथेनॉल (E100) उत्पादन संयंत्रों का दौरा किया। इस दौरान उत्पादन क्षमता, E10 मिश्रण की मांग पूरी करने की क्षमता और उद्योग के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों का आकलन किया गया।प्रतिनिधिमंडल ने चालू संयंत्रों के साथ-साथ बंद पड़े संयंत्रों का भी निरीक्षण किया, ताकि देश में E100 की उपलब्धता और भविष्य की आपूर्ति क्षमता का मूल्यांकन किया जा सके।
तीन संयंत्रों की कुल क्षमता 2.77 लाख घन मीटर प्रतिवर्ष
उद्योग प्रतिनिधियों ने बताया कि, वर्तमान में वियतनाम में तीन प्रमुख E100 एथेनॉल संयंत्र संचालित हैं—डुंग क्वाट बायोफ्यूल प्लांट, क्वांग नाम एथेनॉल प्लांट और डोंग नाई एथेनॉल प्लांट। इनकी संयुक्त उत्पादन क्षमता लगभग 830 घन मीटर प्रतिदिन, यानी करीब 2.77 लाख घन मीटर प्रतिवर्ष है। जून महीने में इन संयंत्रों का उत्पादन 20,875 घन मीटर से अधिक रहा, जो उनकी मासिक क्षमता का लगभग 84 प्रतिशत है।उत्पादकों ने कहा कि, कई संयंत्र लंबे समय से संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण मशीनरी पुरानी हो चुकी है और तकनीकी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
आयातित एथेनॉल से प्रतिस्पर्धा बनी चुनौती
एथेनॉल कंपनियों का कहना है कि घरेलू मांग अभी भी अस्थिर है क्योंकि अधिकांश बिक्री अल्पकालिक अनुबंधों के आधार पर होती है। इसके अलावा, आयातित एथेनॉल से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण उत्पादन योजना और दीर्घकालिक निवेश निर्णय लेना कठिन हो गया है।बिन्ह सोन रिफाइनिंग एंड पेट्रोकेमिकल जॉइंट स्टॉक कंपनी (BSR) ने सुझाव दिया कि घरेलू स्तर पर उत्पादित ई100 एथेनॉल को प्राथमिकता दी जाए, उत्पादकों के लिए वित्तीय सहायता की पहुंच आसान बनाई जाए और एथेनॉल निर्माताओं तथा ईंधन वितरकों के बीच दीर्घकालिक खरीद समझौते (ऑफ-टेक एग्रीमेंट) लागू किए जाएं।
कसावा निर्यात पर नियंत्रण और फीडस्टॉक क्षेत्र विकसित करने की मांग
वियतनाम बायोफ्यूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दो वान तुआन ने एथेनॉल उत्पादन के लिए समर्पित फीडस्टॉक क्षेत्र विकसित करने और कसावा (टैपिओका) चिप्स के निर्यात पर नियंत्रण लगाने की मांग की। उनका कहना है कि इससे देश में उच्च मूल्य वाले प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा और एथेनॉल उद्योग को स्थिर कच्चा माल उपलब्ध हो सकेगा।बैठक के समापन पर उप मंत्री गुएन सिन्ह नहत तान ने कहा कि E10 बायोफ्यूल का विस्तार वियतनाम की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और हरित ऊर्जा परिवर्तन को गति देने की राष्ट्रीय रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय ने कहा कि वह उद्योग जगत से प्राप्त सुझावों को संकलित कर अन्य मंत्रालयों के साथ मिलकर वित्तपोषण, कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पाद की खपत और आयातित एथेनॉल से प्रतिस्पर्धा से संबंधित नीतियों में सुधार करेगा। साथ ही एथेनॉल उत्पादकों से उत्पादन क्षमता की समीक्षा करने, फीडस्टॉक से वितरण तक स्थिर E100 आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने और पेट्रोलियम वितरकों के साथ सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया गया है।


















