नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अब भारत के बाजारों पर भी दिखाई देने लगा है। क्रिसिल की ताजा क्विकोनॉमिक्स रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक स्तर पर कमोडिटी और ऊर्जा कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी के कारण भारत में रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले सामान जल्द महंगे हो सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कच्चे तेल, गैस, तांबा, एल्युमीनियम, प्लास्टिक और केमिकल्स जैसी जरूरी औद्योगिक वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। इससे कंपनियों की उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि उपभोक्ताओं के लिए उत्पादों की कीमतों में अभी उसी अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई है।
क्रिसिल के अनुसार, अप्रैल 2026 में थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित इनपुट-आउटपुट रेशियो 44 महीनों में पहली बार 1.0 के ऊपर पहुंच गया। यह संकेत है कि, कंपनियों के लिए कच्चे माल की लागत उनके उत्पादों की बिक्री कीमत से ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यह अनुपात अप्रैल में 1.02 दर्ज किया गया। इस दौरान इनपुट कीमतों में 6.2 प्रतिशत की मासिक बढ़ोतरी हुई, जबकि तैयार उत्पादों की कीमतों में केवल 0.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।विशेषज्ञों का कहना है कि, इसका मतलब कंपनियां उत्पादन पर ज्यादा खर्च कर रही हैं, लेकिन अभी तक उसका पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाला गया है।हालांकि, आने वाले समय में कंपनियां बढ़ी हुई लागत का असर उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकती हैं।
रिपोर्ट में पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने को कीमतों में उछाल की बड़ी वजह बताया गया है। इससे केवल तेल बाजार ही नहीं, बल्कि वैश्विक औद्योगिक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। अप्रैल में कई अहम औद्योगिक कच्चे माल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, तांबा 17.3% महंगा हुआ, एल्युमीनियम 20.6% बढ़ा, कच्चे तेल से जुड़े उत्पाद 49.3% महंगे हुए, गैस आधारित इनपुट 19.1% बढ़े है।इनका असर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरण, निर्माण, पैकेजिंग, फार्मा और टेक्सटाइल जैसे कई क्षेत्रों पर पड़ सकता है।
क्रिसिल ने चेतावनी दी है कि, फिलहाल महंगाई का असर थोक बाजार में दिखेगा, लेकिन आने वाले महीनों में यह धीरे-धीरे आम लोगों के घरेलू बजट तक पहुंच सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि घरेलू मांग अभी मजबूत बनी हुई है, इसलिए कंपनियों के पास कीमतें बढ़ाने की गुंजाइश मौजूद है। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले समय में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI), खासकर कोर महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे रोजमर्रा की कई वस्तुएं महंगी हो सकती हैं।


















