तीन राज्यों के 17 चीनी मिलों को फिर से शुरू किया गया; 11 लाख किसानों को दिलाया आर्थिक न्याय : ओंकार शुगर ग्रुप

पुणे : बाबूराव बोत्रे-पाटील के नेतृत्व में ओंकार शुगर ग्रुप ने चीनी उद्योग में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक के बंद पड़ी 17 चीनी मिलों को पुनर्जीवित किया है। ग्रुप के निदेशक ओमराजे बोत्रे-पाटील ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि, इस पहल के माध्यम से लगभग 11 लाख गन्ना उत्पादक किसानों, श्रमिकों और गन्ना कटाई मजदूरों को आर्थिक न्याय मिला है। ओमराजे बोत्रे-पाटील ने कहा कि, इन 17 मिलों के जरिए 75 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई पूरी की गई। इसके लिए किसानों को ₹1,830 करोड़ के गन्ना भुगतान किए गए, जबकि गन्ना कटाई मजदूरों और परिवहनकर्ताओं को ₹710 करोड़ का भुगतान किया गया है।

उन्होंने बताया कि, 18 हजार चीनी मिल कर्मचारियों को फिर से रोजगार उपलब्ध कराया गया है और इस सीजन में लगभग ₹6,000 करोड़ का कारोबार हुआ है। उन्होंने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का एक ईमानदार प्रयास बताया। ओंकार ग्रुप ने अगले सीजन में 21 चीनी मिलें संचालित करने की योजना बनाई है। ग्रुप का लक्ष्य 1 करोड़ मीट्रिक टन गन्ने की पेराई कर ₹7,000 करोड़ का कारोबार हासिल करना है। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार की नई नीति के अनुसार पेट्रोल में 33 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की अनुमति मिलने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रुप ने सभी मोलासेस का भंडारण कर रखा है, जिससे लगभग ₹600 करोड़ की आय होने की संभावना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ओंकार ग्रुप पर ₹2,000 से ₹3,000 करोड़ के गन्ना भुगतान बकाया होने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमराजे बोत्रे-पाटील ने कहा कि, केवल एक महीने का भुगतान शेष है, जिसे जल्द ही किसानों को दे दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि, किसी का भी एक रुपया बकाया नहीं रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि, राज्य की 140 चीनी मिलों पर एफआरपी के तहत ₹2,100 करोड़ बकाया हैं, लेकिन जानबूझकर केवल ओंकार ग्रुप के खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही हैं। किसानों से ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने को अच्छा मूल्य देकर सभी की प्रगति करना ही बाबूराव बोत्रे-पाटील का लक्ष्य है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here