लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बीते नौ वर्षों में गन्ना किसानों को 3 लाख 21 हजार 839 करोड़ रुपये का भुगतान कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही पेराई मौसम 2025-26 में गन्ने की कीमतों में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। अगेती प्रजातियों के लिए यह दर 400 रुपये प्रति कुंतल और सामान्य प्रजातियों के लिए 390 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। इस बढ़ोतरी से किसानों को करीब 3000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिला है और समय पर भुगतान होने से प्रदेश के 48 लाख गन्ना किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है।
गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस. ने ‘हिंदुस्तान’ को बताया कि लगातार किए गए प्रयासों की बदौलत यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने में गन्ना विभाग की अहम भूमिका साफ नजर आती है। 48 लाख गन्ना किसानों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है और वे आर्थिक रूप से पहले से अधिक मजबूत हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
गन्ना विकास और चीनी उद्योग के संयुक्त प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज देश का अग्रणी गन्ना उत्पादक राज्य बन चुका है। इसके अलावा यह प्रदेश का सबसे बड़ा ग्रामीण आधारित आर्थिक तंत्र भी बन गया है, जो लगभग 10 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू किया गया है, नई मिलें स्थापित की गई हैं और पेराई क्षमता में 1,28,500 टीसीडी की बढ़ोतरी की गई है। परिवहन, कृषि यंत्र, ट्रैक्टर, खाद, बीज और सहायक उद्योगों के जरिए भी लाखों लोगों को रोजगार मिल रहा है।


















