बिजनौर : बरकतपुर चीनी मिल और गन्ना विभाग द्वारा मंडावली क्षेत्र के ग्राम सिकरौड़ा में जीपीएस मशीनों के माध्यम से संयुक्त रूप से गन्ना सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान किसानों से अपील की गई है कि वे सर्वेक्षण के समय अपने खेतों में उपस्थित रहें, ताकि खेत का सही रकबा और गन्ने की सही प्रजाति दर्ज की जा सके। अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि, वे अपनी निगरानी में सर्वेक्षण कार्य पूरा कराएं, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो। इसी सर्वेक्षण के आधार पर किसानों के लिए गन्ना पर्ची कैलेंडर जारी किया जाएगा।
इस समय खेतों में चोटी बेधक कीट की दूसरी पीढ़ी की तितलियां दिखाई दे रही हैं। इसकी रोकथाम के लिए किसानों को 150 मिलीलीटर सीटीआरपी को 400 लीटर पानी में मिलाकर गन्ने की जड़ों के पास ड्रेचिंग करने और हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा खेतों में लगाए गए लाइट ट्रैप्स की नियमित जांच, सफाई और उनमें पानी बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि कीट नियंत्रण का पूरा लाभ मिल सके।
महाप्रबंधक (गन्ना) विकास पुंडीर ने किसानों से प्रति एकड़ 2 लीटर ट्राइकोडर्मा का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह खेतों में फैल रही रेड रॉट फफूंदी से गन्ने की फसल को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होगा। कुछ खेतों में स्मट रोग के मामले भी अधिक संख्या में सामने आए हैं। इसकी रोकथाम के लिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे स्मट से प्रभावित पूरे थान को सावधानीपूर्वक उखाड़कर खेत से बाहर करें और एजोक्सीस्ट्रोबिन 200 मिलीलीटर प्रति एकड़ या उपयुक्त जैव-फफूंदीनाशक का छिड़काव करें।


















