‘गन्ना नियंत्रण आदेश 2026’ पर किसानों ने दिए सुझाव, समय पर भुगतान और एफआरपी सुधार की उठाई मांग

नई दिल्ली : देशभर के गन्ना किसानों और किसान संगठनों ने केंद्र सरकार द्वारा जारी प्रस्तावित ‘गन्ना नियंत्रण आदेश 2026’ के मसौदे पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराते हुए कई महत्वपूर्ण संशोधनों की मांग की है।किसानों का कहना है कि, नए कानून में उनकी वास्तविक समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को शामिल किया जाना चाहिए।किसानों ने कहा कि, गन्ना नियंत्रण आदेश की धारा 3 और 3(ए) के तहत 14 दिनों में भुगतान का प्रावधान केवल कागजों तक सीमित रह गया है। तकनीकी प्रगति और डिजिटलीकरण के बावजूद गन्ना भुगतान बकाया लगातार बढ़ रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि, विलंबित भुगतान पर ब्याज भी शायद ही कभी दिया जाता है, इसलिए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सख्त जवाबदेही और दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाने चाहिए।

गन्ना उत्पादकों ने यह भी कहा कि, मसौदे में केवल 1966 के गन्ना नियंत्रण आदेश की धारा 3 को बनाए रखा गया है, लेकिन स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार एफआरपी तय करने की किसानों की पुरानी मांग को नजरअंदाज किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित किसान कल्याण संघ के अध्यक्ष अशोक बलियान ने कहा कि गन्ना किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार को कई सुझाव और आपत्तियां भेजी गई हैं। वहीं कृषि विशेषज्ञ और किसान धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि किसानों ने मसौदा आदेश पर अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा दी हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

अखिल भारतीय गन्ना किसान महासंघ (एआईएसएफएफ) ने भी कृषि मंत्रालय को सुझाव भेजते हुए कहा कि, प्रस्तावित 10.25 प्रतिशत रिकवरी दर मनमानी और किसान विरोधी है। संगठन ने मांग की कि गन्ने की एफआरपी 9.5 प्रतिशत रिकवरी दर और स्वामीनाथन फार्मूले के आधार पर तय की जाए।किसान संगठनों ने कई अहम सुझाव भी दिए हैं। इनमें गन्ना खरीद से भुगतान तक पूरी प्रक्रिया की अनिवार्य डिजिटल ट्रैकिंग, चीनी मिलों की एथेनॉल उत्पादन और बिक्री की रियल टाइम जानकारी, स्वतंत्र ऑडिट व्यवस्था, मोलासेस और खांडसारी इकाइयों को भी एफआरपी/एसएपी दायरे में लाना, तथा मिलों के बीच न्यूनतम दूरी 25 किलोमीटर की बजाय 15 किलोमीटर बनाए रखना शामिल है।

इसके अलावा किसानों ने गन्ना परिवहन का खर्च मिलों द्वारा वहन करने, मोलासेस और चीनी के लिए न्यूनतम बिक्री मूल्य तय करने तथा तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक में लागू राजस्व साझेदारी कानूनों को समाप्त करने की भी मांग उठाई।किसानों ने यह भी कहा कि वर्तमान सीजन में खाद और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन अगले फसल सीजन में कमी की आशंका बनी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here