इंडोनेशिया : उप कृषि मंत्री ने गन्ना किसानों के कल्याण के लिए सहकारी समितियों को मजबूत बनाने पर दिया जोर

जकार्ता : गन्ना किसानों की आय बढ़ाने, उत्पादकता में सुधार लाने और देश को चीनी उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उप कृषि मंत्री सुदर्योनो ने सहकारी समितियों को मजबूत करने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि, सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को बेहतर बाजार, वित्तीय सहायता और फसल की सुनिश्चित खरीद का लाभ मिल सकेगा।बुधवार को जारी एक बयान में सुदर्योनो ने कहा कि, सरकार का वर्तमान फोकस गन्ना उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि कृषि कारोबार को सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित करने से गांवों से शहरों और शहरों से गांवों तक वस्तुओं की आपूर्ति अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।

उप कृषि मंत्री ने यह मध्य जावा के सेमारांग में आयोजित सहकारी समितियों के लिए रिवॉल्विंग फंड मैनेजमेंट एजेंसी (एलपीडीबी) की वित्तीय सहायता से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम में कही। इस कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री फेरी जुलियांतोनो भी मौजूद थे।सुदर्योनो ने कहा कि, सहकारी समितियां केवल किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे फसल की सुनिश्चित खरीद, किसानों की सौदेबाजी की क्षमता बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर चीनी उत्पादन में वृद्धि करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि, कृषि क्षेत्र के व्यावसायिक तंत्र को मजबूत करने में सहकारी समितियां एक रणनीतिक कड़ी हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने बताया कि, राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के नेतृत्व में सरकार किसानों की आर्थिक गतिविधियों को सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके। उप कृषि मंत्री ने कहा कि, गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल की उत्पादकता और चीनी रिकवरी (शुगर रिकवरी) में सुधार करना भी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और किसानों के संयुक्त प्रयासों से इंडोनेशिया उपभोग के लिए आवश्यक चीनी उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल कर सकता है।

सहकारिता मंत्री फेरी जुलियांतोनो ने कहा कि, गन्ना किसानों की सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए केवल वित्तीय सहायता पर्याप्त नहीं है। इसके साथ ही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना भी जरूरी है, ताकि सहकारी संस्थाएं अधिक पेशेवर और प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने बताया कि, सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों की उपज चीनी मिलों तक पहुंचेगी, जहां उसका प्रसंस्करण कर उपभोक्ता चीनी तैयार की जाएगी। इसके बाद इस चीनी का विपणन सहकारी नेटवर्क के जरिए किया जाएगा, जिससे आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और किसानों को अपनी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्रालय कृषि मंत्रालय के साथ मिलकर आधुनिक, पेशेवर और प्रतिस्पर्धी कृषि संस्थानों के विकास के लिए कार्य करता रहेगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here