अबुजा: नाइजीरिया के नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल (NSDC) ने घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाने और आयात पर देश की निर्भरता कम करने के लिए 1 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की योजना तैयार की है। फिलहाल नाइजीरिया में हर साल खपत होने वाली करीब 18 लाख मीट्रिक टन चीनी का अधिकांश हिस्सा आयात से पूरा होता है।
प्रस्तावित निवेश योजना में चीन की SINOMACH के साथ करीब 1 अरब डॉलर की इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (EPC) प्लस फाइनेंस साझेदारी शामिल है। इसके अलावा, बैंक ऑफ इंडस्ट्री (BoI) के साथ मिलकर 10 अरब नाइजीरियाई नायरा का शुगर प्रोजेक्ट एक्सेलरेशन फंड भी बनाया गया है। इसका उद्देश्य बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोग्राम (BIP) के तहत नई चीनी परियोजनाओं और ग्रीनफील्ड शुगर एस्टेट्स को निवेश के लिए तैयार करना है।
NSDC के कार्यकारी सचिव कमर बक्रिन ने परिषद के मुख्यालय में चार्टर्ड इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स (CIoD) के अबुजा चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान इन योजनाओं की जानकारी दी। बक्रिन ने बताया कि नाइजीरिया शुगर मास्टर प्लान (NSMP) 2.0 का लक्ष्य हर साल करीब 20 लाख टन चीनी का घरेलू उत्पादन करना है। यह मात्रा वर्तमान घरेलू मांग से भी अधिक होगी। उन्होंने कहा कि, उद्योग के सामने मुख्य समस्या नीतियों की कमी नहीं, बल्कि नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने की कमी है।
बक्रिन के अनुसार, NSDC ने अपने बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोग्राम को चार सिद्धांतों के आधार पर पुनर्गठित किया है—योग्यता, प्रोत्साहन, सत्यापन और प्रवर्तन। आयात कोटा हासिल करने वाली कंपनियों को यह साबित करना होगा कि वे देश में घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।बड़े चीनी रिफाइनरों को अपने आयात कोटे से जुड़े ऑडिट किए गए उत्पादन लक्ष्य भी जमा करने होंगे। NSDC अब चीनी एस्टेट्स में गतिविधियों की पुष्टि के लिए सैटेलाइट इमेजरी और भौतिक निरीक्षण दोनों का इस्तेमाल कर रहा है। इससे कंपनियों द्वारा खुद उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर निर्भरता कम होगी और वास्तविक गतिविधियों की बेहतर निगरानी की जा सकेगी।

















