काहिरा: मिस्र ने 2025 में गन्ने और चुकंदर से बनी चीनी तथा ठोस रूप में रासायनिक रूप से शुद्ध सुक्रोज की करीब 5.81 लाख टन चीनी का निर्यात किया, जिससे लगभग 290 मिलियन डॉलर राजस्व प्राप्त हुआ। फूड बिजनेस मिडिल ईस्ट एंड अफ्रीका की रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी फूड एक्सपोर्ट काउंसिल (FEC) ने दी। काउंसिल के मुताबिक, इस उत्पाद के वैश्विक निर्यात में मिस्र की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत रही और वह दुनिया के चीनी निर्यातकों में 14वें स्थान पर रहा। मिस्र के चीनी निर्यात कारोबार में हाल के वर्षों में लगातार वृद्धि हुई है। वर्ष 2020 से 2025 के बीच निर्यात मूल्य में 17 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) दर्ज की गई, जबकि निर्यात मात्रा में इसी अवधि के दौरान 11 प्रतिशत CAGR की वृद्धि हुई।अरब और अफ्रीकी देश मिस्र की चीनी के प्रमुख बाजार बने रहे, हालांकि मिस्र से कुछ यूरोपीय देशों को भी चीनी का निर्यात किया गया।
लेबनान सबसे बड़ा बाजार
2025 में लेबनान मिस्र की चीनी का सबसे बड़ा निर्यात बाजार रहा। लेबनान ने 107 मिलियन डॉलर मूल्य की चीनी खरीदी, जो मिस्र के कुल चीनी निर्यात का करीब 37 प्रतिशत था। इसके बाद सूडान दूसरे सबसे बड़े बाजार के रूप में रहा, जहां 69 मिलियन डॉलर की चीनी का निर्यात हुआ। यह कुल निर्यात का करीब 24 प्रतिशत था। सोमालिया को 29 मिलियन डॉलर की चीनी निर्यात की गई, जो कुल निर्यात का 10 प्रतिशत थी। वहीं यमन को 20 मिलियन डॉलर यानी 7 प्रतिशत और इटली को 14 मिलियन डॉलर यानी करीब 5 प्रतिशत की चीनी भेजी गई। इन पांच प्रमुख बाजारों ने मिलकर करीब 239 मिलियन डॉलर मूल्य की मिस्र की चीनी खरीदी, जो 2025 में देश के कुल चीनी निर्यात का लगभग 82 प्रतिशत था। FEC ने कहा कि, निर्यात प्रदर्शन से पता चलता है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिस्र के चीनी उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ रही है। काउंसिल के अनुसार, निर्यात बाजारों में विविधता लाकर और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रवेश करके इस क्षेत्र में आगे और विस्तार की संभावनाएं हैं। काउंसिल ने कहा कि, 2020 से निर्यात मूल्य और मात्रा दोनों में दर्ज वृद्धि ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार में मिस्र के चीनी उत्पादों की स्थिति को और मजबूत किया है।
2026 में निर्यात बढ़ने की उम्मीद
मिस्र के चीनी निर्यात की संभावनाओं में हालिया फैसले के बाद और सुधार हुआ है। मिस्र ने घरेलू जरूरतों को पूरा करने की शर्त के साथ 2026 के अंत तक चीनी निर्यात फिर से शुरू करने की अनुमति दी है। निवेश और विदेश व्यापार मंत्रालय ने सभी प्रकार की चीनी के निर्यात को मंजूरी दी है। यह फैसला वर्ष 2023 की शुरुआत में विदेशों में चीनी की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंधों के करीब तीन साल बाद आया है। घरेलू बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार इन प्रतिबंधों को बाद में हर तीन महीने में बढ़ाती रही थी। यह फैसला ऐसे समय आया है जब मिस्र के चीनी उत्पादकों के पास बढ़ा स्टॉक है और उन्हें अपने उत्पादन की बिक्री में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। नई नीति के तहत उत्पादकों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों में बिक्री के अवसर मिलेंगे, हालांकि घरेलू मांग को पहले पूरा करना अनिवार्य रहेगा। 2020 से 2025 के बीच चीनी निर्यात में हुई उल्लेखनीय वृद्धि को देखते हुए, अंतरराष्ट्रीय बाजारों को दोबारा खोलने से 2026 में मिस्र के चीनी निर्यातकों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

















