अबुजा : नाइजीरिया के ओयो राज्य के इसेयिन में स्थित ओयो शुगर एंड डेरिवेटिव्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड (OSDL) की चीनी मिल एक दशक से अधिक समय तक चले विकास कार्य के बाद अब कमीशनिंग और परीक्षण संचालन के चरण में पहुंच गई है। पंच ने नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल (NSDC) के हवाले से यह जानकारी दी। यह 300 टन प्रतिदिन क्षमता वाली ग्रीनफील्ड चीनी मिल है, जिसे नाइजीरिया शुगर मास्टर प्लान के बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोग्राम के तहत विकसित किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश में घरेलू चीनी उत्पादन बढ़ाना और आयात पर निर्भरता कम करना है।
NSDC ने करीब 2.2 अरब नाइरा का किया निवेश
नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल के अनुसार, परिषद ने मिल के मुख्य चीनी संयंत्र की खरीद के लिए करीब 1.64 अरब नाइरा की राशि उपलब्ध कराई। इसके बाद गन्ना विकास और मिल के संचालन के लिए भी अतिरिक्त सहायता दी गई। इस तरह परियोजना में NSDC की कुल वित्तीय प्रतिबद्धता लगभग 2.2 अरब नाइरा हो गई। ओयो राज्य सरकार ने शेष निर्माण एवं अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए अनुमानित 850 मिलियन नाइरा का इक्विटी निवेश किया है।
व्यावसायिक उत्पादन की ओर बढ़ रही परियोजना
NSDC के कार्यकारी सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमर बाकरीन ने कहा कि फैक्ट्री की प्रगति परिषद, राज्य सरकार और परियोजना के प्रवर्तकों की ओर से लगातार मिल रहे सहयोग को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि, नेशनल शुगर डेवलपमेंट काउंसिल OSDL को पूर्ण पैमाने पर व्यावसायिक उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने के दौरान अपना समर्थन जारी रखेगा। उम्मीद है कि यह परियोजना यह साबित करेगी कि स्थानीय स्तर पर उगाया गया गन्ना नाइजीरिया के चीनी उद्योग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सहकारी खेती से चीनी मिल तक का सफर
NSDC ने परियोजना के प्रवर्तकों और इसेयिन के किसान समुदायों के योगदान की भी सराहना की। परिषद के अनुसार, इस पहल की शुरुआत एक सहकारी कृषि परियोजना के रूप में हुई थी, जो आगे चलकर एक संचालित चीनी फैक्ट्री के रूप में विकसित हुई। NSDC ने इस परियोजना को बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोग्राम के तहत विकसित होने वाली नई चीनी मिलों में से एक बताया है। इससे नाइजीरिया में स्थानीय गन्ना उत्पादन और घरेलू चीनी उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


















