भारत में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता, घरेलू बाजार में आपूर्ति सहज: ISMA ने उपभोक्ताओं और बाजार को किया आश्वस्त

नई दिल्ली : इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने कहा कि, देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में 2026-27 का चीनी सीजन निर्धारित समय पर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और गुजरात सहित विभिन्न राज्यों में लगभग 107 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू कर दी है। देश के सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में करीब 87 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। गन्ने की कटाई में तेजी आने के साथ अगले सप्ताह और मिलों के चालू होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में भी पेराई शुरू हो चुकी है और अब तक दो चीनी मिलों ने कामकाज शुरू किया है। राज्य में पूरा पेराई सीजन सामान्य कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों में पेराई शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद मध्य उत्तर प्रदेश में मिलें चालू होंगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में गन्ने के पकने के साथ पेराई शुरू की जाएगी। ISMA के अनुसार, समय पर पेराई शुरू होना चीनी उद्योग, किसानों और राज्य प्रशासन की तैयारियों को दर्शाता है। साथ ही, पेराई के लिए गन्ने की उपलब्धता भी धीरे-धीरे बढ़ रही है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

पिछले सीजन का बचा स्टॉक और नए उत्पादन से आपूर्ति को मजबूती

पिछला चीनी सीजन 2025-26 लगभग 36 लाख टन के शेष स्टॉक के साथ समाप्त हुआ था। यह स्टॉक देश की घरेलू चीनी खपत की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है। 25 अक्टूबर 2026 तक चालू सीजन 2026-27 में लगभग 4 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका था। पिछले वर्ष इसी तारीख तक उत्पादन करीब 0.6 लाख टन यानी 60 हजार टन था। अब तक देशभर में 107 चीनी मिलों ने गन्ना पेराई शुरू कर दी है। इनमें महाराष्ट्र की लगभग 87 मिलें, उत्तर प्रदेश की दो मिलें और तमिलनाडु, कर्नाटक तथा गुजरात की कुल 17 मिलें शामिल हैं। अन्य राज्यों में भी पेराई गतिविधियां संबंधित राज्यों के निर्धारित सीजन के अनुसार आगे बढ़ रही हैं।

सरकार के कदमों से घरेलू बाजार में पर्याप्त चीनी उपलब्धता की उम्मीद

घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने भी कई कदम उठाए हैं। इनमें कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समय-सीमा बढ़ाना और चीनी के स्टॉक पर सीमा लागू करना शामिल है। ISMA के अनुसार, पिछले सीजन से उपलब्ध शेष स्टॉक, नए सीजन में शुरू हुआ उत्पादन और सरकार के इन उपायों से त्योहारों के दौरान घरेलू खपत के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

त्योहारों में मांग पूरी होगी, कीमतें स्थिर रहने की उम्मीद: ISMA

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा, “2026-27 का चीनी सीजन निर्धारित समय पर शुरू हो गया है और देशभर में लगभग 107 मिलों ने गन्ना पेराई शुरू कर दी है। भारत के पास घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त से अधिक चीनी उपलब्ध है और आपूर्ति को लेकर चिंता करने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि, चीनी उद्योग उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान घरेलू चीनी की मांग आसानी से पूरी होने की उम्मीद है और कीमतें स्थिर रहने की संभावना है। बल्लानी ने आगे कहा कि जैसे-जैसे और चीनी मिलें चालू होंगी, बाजार में चीनी की उपलब्धता और मजबूत होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्योग के संकल्प को बल मिलेगा।

चीनी बाजार का आकलन वास्तविक आंकड़ों के आधार पर हो: ISMA

ISMA ने जोर देकर कहा कि, घरेलू चीनी आपूर्ति की स्थिति का आकलन समग्र रूप से किया जाना चाहिए। इसमें उपलब्ध स्टॉक, वास्तविक खपत की जरूरतें, नए उत्पादन की गति और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए किए गए उपायों को ध्यान में रखना जरूरी है। संगठन ने कहा कि बाजार से जुड़े आकलन प्रमाणित आंकड़ों और मौजूदा मांग-आपूर्ति की स्थिति के आधार पर होने चाहिए। ऐसे अटकलों पर आधारित अनुमानों से बचना चाहिए, जो तेजी से बदलती बाजार परिस्थितियों की पूरी तस्वीर पेश नहीं करते।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here