मनिला : फिलीपींस का चीनी उद्योग 2026-27 के पेराई सीजन में बढ़ते उत्पादन और आर्थिक दबावों का सामना कर रहा है। गन्ने के उत्पादन में गिरावट, चीनी की कम रिकवरी, खेती की बढ़ती लागत और कीटों के प्रकोप ने किसानों की आय तथा चीनी मिलों के संचालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पनय न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इन परिस्थितियों से देश के चीनी उद्योग के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) के बोर्ड ने ईंधन और कृषि इनपुट की बढ़ती कीमतों, अल नीनो के खतरे तथा रेड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) नामक कीट के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताई है। इन सभी कारणों से आगामी सीजन में चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
प्रमुख चीनी उत्पादक प्रांत नेग्रोस ऑक्सिडेंटल में बढ़ी चिंता
फिलीपींस के प्रमुख चीनी उत्पादक प्रांत नेग्रोस ऑक्सिडेंटल में स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक बनी हुई है। इस क्षेत्र में हजारों किसान, खेतिहर मजदूर और चीनी मिलों के कर्मचारी अपनी आजीविका के लिए चीनी उद्योग पर निर्भर हैं। ऐसे में गन्ने के उत्पादन और चीनी मिलों के संचालन पर पड़ने वाला कोई भी नकारात्मक असर बड़ी संख्या में लोगों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर सकता है।
ईंधन और कृषि लागत बढ़ने से किसानों की मुश्किलें बढ़ीं
ईरान में जारी संघर्ष ने भी ईंधन और कृषि इनपुट की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। इससे किसानों की खेती की लागत और अधिक बढ़ने की आशंका है। बढ़ती उत्पादन लागत के कारण किसानों के लिए गन्ने की खेती पर किया गया खर्च निकालना और अगले बुवाई सीजन के लिए आवश्यक पूंजी जुटाना मुश्किल हो सकता है। उद्योग से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि यदि उत्पादन लागत इसी तरह बढ़ती रही, तो किसानों की आर्थिक स्थिति पर दबाव और गहरा सकता है।
गन्ने की कमी से चीनी मिलों के संचालन पर भी असर
शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने चेतावनी दी है कि गन्ने की उपलब्धता में गिरावट का असर चीनी मिलों पर भी पड़ सकता है।देश की कई चीनी मिलों ने अपने संयंत्रों के आधुनिकीकरण पर भारी निवेश किया है। इन मिलों का सुचारु संचालन पर्याप्त मात्रा में गन्ने की उपलब्धता पर निर्भर करता है। यदि गन्ने की आपूर्ति में कमी आती है, तो मिलों की पेराई क्षमता का पूरा उपयोग करना मुश्किल हो सकता है। इससे मिलों की आर्थिक स्थिति और निवेश पर मिलने वाले रिटर्न पर भी असर पड़ने की आशंका है।
कीटों के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए सरकार सक्रिय
फिलीपींस के कृषि सचिव फ्रांसिस्को पी. टियू लॉरेल जूनियर ने कहा कि, कृषि विभाग, शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर रेड सॉफ्ट स्केल इंसेक्ट (RSSI) के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि, सरकार का उद्देश्य गन्ने के उत्पादन को समर्थन देना, कीटों के प्रकोप को रोकना और किसानों की आय की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
किसानों को उचित भाव और उपभोक्ताओं को सस्ती चीनी उपलब्ध कराने पर जोर
SRA के प्रशासक पाब्लो लुइस एज़कोना ने कहा कि, चीनी उद्योग में किसानों को टिकाऊ और उचित खेत-स्तरीय मूल्य (Farmgate Price) उपलब्ध कराने के साथ-साथ उपभोक्ताओं और खाद्य उत्पाद निर्माताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में किफायती चीनी की आपूर्ति बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि उद्योग में स्थिरता लाने के लिए किसानों, चीनी मिल संचालकों, व्यापारियों और नीति-निर्माताओं के बीच विचार-विमर्श जारी है। इस चर्चा का उद्देश्य ऐसे उपाय तैयार करना है, जिनसे किसानों को उचित मूल्य मिले, चीनी की आपूर्ति प्रभावित न हो और पूरे उद्योग को आर्थिक स्थिरता मिल सके।
अल नीनो और कीटों से निपटने के लिए अतिरिक्त सरकारी बजट की मांग
इस बीच, फिलीपींस का कृषि विभाग और शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन अल नीनो के प्रभाव तथा लगातार बढ़ रहे कीटों के प्रकोप से निपटने के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहायता मांग रहे हैं। सरकार का मानना है कि अतिरिक्त बजट से किसानों को राहत देने, गन्ने की फसल की सुरक्षा करने और उत्पादन संबंधी चुनौतियों का सामना करने में मदद मिल सकती है। कुल मिलाकर, बढ़ती उत्पादन लागत, गन्ने की घटती उपलब्धता, कम चीनी रिकवरी और कीटों के प्रकोप ने फिलीपींस के 2026-27 चीनी सीजन के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। आने वाले समय में सरकारी सहायता और प्रभावी नियंत्रण उपायों की भूमिका उद्योग की स्थिरता तय करने में महत्वपूर्ण होगी।


















