अनकापल्ली : आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली स्थित क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र (आरएआरएस) के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित गन्ने की दो नई उन्नत किस्मों को सरकार ने जारी कर दिया है। अनुसंधान केंद्र के एसोसिएट डायरेक्टर ऑफ रिसर्च सी.एच. मुकुंद राव और प्रधान वैज्ञानिक (गन्ना) डी. आदिलक्ष्मी ने इसकी जानकारी दी।
‘अश्विनी’ किस्म गुड़ उत्पादन के लिए बेहतर विकल्प…
‘अश्विनी’ (2006A223) नामक गन्ना किस्म को विशेष रूप से आंध्र प्रदेश के लिए जारी किया गया है। यह किस्म गुड़ निर्माण, रस उत्पादन और सीधे चूसने वाले गन्ने के रूप में उपयोग के लिए उपयुक्त मानी जा रही है। इस किस्म को 87A298 और 87A380 किस्मों के संकरण से विकसित किया गया है। यह जल तनाव (वाटर स्ट्रेस), येलो लीफ रोग और रेड रॉट (लाल सड़न) रोग के प्रति प्रतिरोधी है। यह कम अवधि वाली किस्म है, जो लगभग 10 माह में तैयार हो जाती है। इसके उत्पादन की क्षमता 135 से 140 टन प्रति हेक्टेयर है। इससे लगभग 17.5 टन चीनी और 16 टन गुड़ का उत्पादन संभव है। यह किस्म वर्तमान में लोकप्रिय 2003V46 (भारणी) किस्म का बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
‘बुद्ध’ किस्म राष्ट्रीय स्तर पर जारी…
‘बुद्ध’ (2014A142) नामक दूसरी गन्ना किस्म को राष्ट्रीय स्तर पर जारी किया गया है। यह आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में खेती के लिए उपयुक्त मानी गई है।इस किस्म को CoA 89101 और ISH 69 के संकरण से विकसित किया गया है। इसे तैयार करने में वैज्ञानिकों को लगभग 12 वर्ष का समय लगा। ‘बुद्ध’ किस्म में अधिक संख्या में कल्ले (टिलर्स) निकलते हैं और यह रेड रॉट रोग के प्रति प्रतिरोधी है। यह भी 10 माह में तैयार होने वाली कम अवधि की किस्म है। इसकी उत्पादन क्षमता 130 टन प्रति हेक्टेयर है। इससे 17.5 टन चीनी और 15.5 टन गुड़ का उत्पादन किया जा सकता है।
गुड़ नगरी अनकापल्ली में घट रही गन्ने की खेती…
उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश का अनकापल्ली जिला लंबे समय से ‘गुड़ नगरी’ के रूप में प्रसिद्ध रहा है।हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में यहां गुड़ उत्पादन में लगातार गिरावट दर्ज की गई है। श्रमिकों की कमी, उत्पादन लागत में वृद्धि और घटते मुनाफे के कारण कई किसानों ने गुड़ उत्पादन से दूरी बना ली है। अप्रैल 2025 में इस व्यवसाय से जुड़े किसानों की संख्या में अचानक गिरावट देखी गई थी। इसके साथ ही कई किसानों ने गन्ने की खेती छोड़कर अन्य नकदी फसलों की ओर रुख कर लिया।
महाराष्ट्र तथा कर्नाटक, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में चीनी रिकवरी दर अपेक्षाकृत अधिक है। वर्ष 2014-15 से केंद्र सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन-गन्ना एवं वाणिज्यिक फसल (NFSM-CC) के तहत 13 राज्यों में गन्ना विकास कार्यक्रम लागू कर रही है। इस योजना के अंतर्गत किसानों तक नई तकनीक पहुंचाने, प्रदर्शन प्लॉट लगाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


















