बलरामपुर चीनी मिल्स का जून तिमाही में समेकित लाभ 44.15 करोड़ रुपये रहा, नई स्वतंत्र निदेशक की नियुक्ति

नई दिल्ली: बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड ने 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (जून तिमाही) के लिए 44.15 करोड़ रुपये का समेकित (कंसोलिडेटेड) शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 51.57 करोड़ रुपये के मुकाबले कम है। हालांकि, कंपनी का परिचालन से राजस्व बढ़कर 1,636.79 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले 1,542.27 करोड़ रुपये था।

बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को दी गई नियामकीय सूचना के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में कंपनी ने तिमाही के अलेखापरीक्षित (अनऑडिटेड) स्टैंडअलोन और समेकित वित्तीय परिणामों तथा वैधानिक लेखा परीक्षक लोढ़ा एंड कंपनी एलएलपी द्वारा जारी सीमित समीक्षा रिपोर्ट को मंजूरी दी। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 38.59 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 43.09 करोड़ रुपये था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी और डिस्टिलरी कारोबार का प्रदर्शन

खंडवार प्रदर्शन में चीनी व्यवसाय से राजस्व बढ़कर 1,225.27 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष 1,167.63 करोड़ रुपये था। हालांकि, इस खंड का कर और वित्त लागत से पूर्व लाभ (पीबीटी) घटकर 38.76 करोड़ रुपये रह गया, जो एक वर्ष पहले 48.07 करोड़ रुपये था। डिस्टिलरी खंड ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस खंड का राजस्व 461.47 करोड़ रुपये से बढ़कर 539.62 करोड़ रुपये हो गया, जबकि खंड लाभ 77.66 करोड़ रुपये से बढ़कर 80.38 करोड़ रुपये रहा।

पॉलीलैक्टिक एसिड (पीएलए) खंड का राजस्व 25.56 लाख रुपये से बढ़कर 17.44 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन इस खंड में 9.84 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 4.01 करोड़ रुपये के घाटे से अधिक है।समेकित परिणामों में कंपनी की सहयोगी इकाई ऑक्सिलो फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड से 5.56 करोड़ रुपये के कर पश्चात शुद्ध लाभ में हिस्सेदारी भी शामिल है। तिमाही के लिए प्रति शेयर समेकित मूल आय (ईपीएस) 2.16 रुपये रही, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 2.55 रुपये थी।

450 करोड़ रुपये के प्रेफरेंशियल शेयर जारी

कंपनी ने यह भी बताया कि, उसने आवश्यक बोर्ड और शेयरधारक अनुमोदनों के बाद 1 रुपये अंकित मूल्य वाले 93,16,771 इक्विटी शेयर प्रेफरेंशियल आधार पर 483 रुपये प्रति शेयर के निर्गम मूल्य पर जारी और आवंटित किए हैं। इसमें 482 रुपये प्रति शेयर का प्रतिभूति प्रीमियम शामिल है। इस निर्गम के माध्यम से कंपनी ने कुल 450 करोड़ रुपये जुटाए।कंपनी के अनुसार, तिमाही के दौरान 170.74 करोड़ रुपये का उपयोग निर्गम के उद्देश्यों के लिए किया गया, जबकि शेष 279.26 करोड़ रुपये बैंक जमा और मनी मार्केट म्यूचुअल फंड में अस्थायी रूप से निवेश किए गए हैं। इस आवंटन के बाद कंपनी की चुकता इक्विटी शेयर पूंजी बढ़कर 21,12,67,207 शेयर हो गई है।

वार्तिका शुक्ला स्वतंत्र निदेशक नियुक्त

निदेशक मंडल ने वार्तिका शुक्ला को अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक) के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दी। उनका कार्यकाल 11 अगस्त 2026 से 10 अगस्त 2031 तक पांच लगातार वर्षों का होगा, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन रहेगा। कंपनी के अनुसार, वार्तिका शुक्ला को इंजीनियरिंग परामर्श और परियोजना प्रबंधन में 38 वर्ष से अधिक का अनुभव है और वे इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रह चुकी हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि, सेबी या किसी अन्य वैधानिक प्राधिकरण द्वारा उन्हें निदेशक पद धारण करने से अयोग्य घोषित नहीं किया गया है और उनका कंपनी के किसी मौजूदा निदेशक से कोई संबंध नहीं है। इसके अलावा, बोर्ड ने 16 सितंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम से कंपनी की 50वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) आयोजित करने के लिए संशोधित नोटिस को भी मंजूरी दे दी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here