बिहार : बारिश की बेरुखी से गन्ने की फसल पर मंडराया संकट, तेज धूप से बढ़ी किसानों की चिंता

बेतिया : मानसून की दस्तक में हो रही देरी और लगातार बढ़ते तापमान ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई गांवों में खेतों में खड़ी गन्ने की फसल तेज धूप के कारण झुलसने लगी है। किसान मोटर और पंपसेट के सहारे लगातार सिंचाई कर रहे हैं, लेकिन भीषण गर्मी के चलते खेतों की नमी कुछ ही घंटों में समाप्त हो जा रही है। इसका असर गन्ने के साथ-साथ धान की नर्सरी पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सिंचाई के कुछ ही समय बाद खेत सूख जाते हैं, जिससे गन्ने की बढ़वार प्रभावित हो रही है। बढ़ते तापमान के कारण गन्ने में थ्रिप्स (कीट) का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा है। इससे पत्तियां सूखने लगी हैं और फसल कमजोर होती जा रही है।

यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। लगातार सिंचाई के बावजूद फसल में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। किसानों को आशंका है कि मानसून में और देरी हुई तो उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। रामनगर प्रखंड के गुदगुदी, बगही, मनचंगवा, नौरंगिया दोन, बनकटवा करमरिया, परसौनी और मेघवल मठिया समेत कई पंचायतों में गन्ने की फसल पर भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, धान की नर्सरी भी सूखने लगी है। हरिनगर शुगर मिल के सीडीओ विनय मिश्रा ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश होने तक नियमित सिंचाई जारी रखें, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here