पटना: बिहार सरकार राज्य में चीनी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के मॉडल पर शुगर कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी कर रही है। गन्ना उद्योग विभाग ने इसके लिए पहल शुरू कर दी है और जल्द ही विशेषज्ञों की टीम इन राज्यों का दौरा कर वहां की चीनी मिलों की स्थापना और संचालन का अध्ययन करेगी। ‘हिंदुस्तान’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, सरकार नई कार्ययोजना के तहत चीनी मिलों को शुगर कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करना चाहती है। इस पहल से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार अध्ययन के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
इस रिपोर्ट का उपयोग नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी मिलों को फिर से चालू करने में किया जाएगा। वर्तमान में महाराष्ट्र, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में चीनी उद्योग काफी सशक्त माना जाता है, जहां मिलों का संचालन बेहतर ढंग से हो रहा है और नई इकाइयों की स्थापना भी सुचारु रूप से हो रही है। इसी कारण बिहार ने इन राज्यों के मॉडल का अध्ययन करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के साथ सरकारी क्षेत्र की बंद पड़ी नौ चीनी मिलों को पुनः चालू करने का फैसला कर चुकी है। इस प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल चुकी है। गन्ना उद्योग विभाग ने इसके लिए जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। पुरानी मिलों के पुनरुद्धार के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है, जबकि नई मिलों के लिए सभी जिलों में जमीन की तलाश की जा रही है।
पूरी प्रक्रिया की निगरानी मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। हाल ही में विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने योजना की समीक्षा की और सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर संभावित जमीन की जानकारी मांगी है। चीनी मिलों की स्थापना का उद्देश्य राज्य में चीनी की बाहरी खरीद पर निर्भरता कम करना और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करना है। इससे किसानों को गन्ने की फसल का स्थायी बाजार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही चुनावी घोषणा पत्र में एनडीए द्वारा हर जिले में एक उद्योग लगाने के वादे को भी इससे बल मिलने की उम्मीद है।


















