ब्रिटिश शुगर ने ऐतिहासिक कैंटली फैक्ट्री बंद करने का प्रस्ताव रखा, 100 से अधिक नौकरियों पर संकट

नॉरफॉक: ब्रिटेन की सबसे बड़ी चीनी उत्पादक कंपनी ब्रिटिश शुगर ने अपनी पुनर्गठन योजना के तहत ऐतिहासिक कैंटली चीनी फैक्ट्री को फरवरी 2027 तक बंद करने का प्रस्ताव रखा है। कंपनी का कहना है कि, इस योजना का उद्देश्य उसके चीनी कारोबार के दीर्घकालिक भविष्य को सुरक्षित करना है। प्रस्तावित बंदी से इस प्लांट में काम करने वाले 100 से अधिक कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। यह फैक्ट्री पिछले 114 वर्षों से अधिक समय से शुगर बीट (चुकंदर) की प्रोसेसिंग कर रही है और ब्रिटेन में खुलने वाली पहली शुगर बीट फैक्ट्री थी।

ब्रिटिश शुगर ने बताया कि, वह उत्पादन को अपनी शेष फैक्ट्रियों—बरी सेंट एडमंड्स, न्यूआर्क और विसिंगटन—में समेकित करने की योजना बना रही है। कंपनी के अनुसार, इन संयंत्रों में मौजूदा उत्पादन स्तर को बनाए रखने और खुदरा तथा औद्योगिक ग्राहकों को आपूर्ति जारी रखने के लिए पर्याप्त क्षमता है। कैंटली फैक्ट्री में हर साल लगभग 1.30 लाख टन चीनी का उत्पादन होता है। कंपनी ने कहा कि, कर्मचारियों और यूनियनों के साथ परामर्श प्रक्रिया पूरी होने तक संयंत्र का संचालन जारी रहेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

ब्रिटिश शुगर के प्रबंध निदेशक कीथ पैकर ने कहा कि, यह प्रस्ताव कारोबार की व्यापक समीक्षा के बाद रखा गया है और इसके पीछे चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियां प्रमुख कारण हैं।उन्होंने कहा, यह प्रस्ताव हल्के में नहीं लिया गया है। यह कारोबार की गहन समीक्षा के बाद सामने आया है और कई बाहरी दबावों को दर्शाता है। इनमें यूरोप में चीनी की कम औसत कीमतें, ऊर्जा की ऊंची लागत और बाजार की मात्रा में लंबे समय से जारी धीरे-धीरे गिरावट शामिल हैं।

ब्रिटिश शुगर ने बताया कि, उसने इस प्रस्ताव को लेकर कर्मचारी प्रतिनिधियों और यूनाइट यूनियन के साथ परामर्श शुरू कर दिया है। वर्ष 1912 में स्थापित ब्रिटिश शुगर ब्रिटेन में घरेलू स्तर पर उगाए जाने वाले शुगर बीट की एकमात्र प्रोसेसर कंपनी है और देश की आधे से अधिक चीनी की आपूर्ति करती है। कंपनी पहले 18 चीनी फैक्ट्रियों का संचालन करती थी, लेकिन समय के साथ उसने अपने संचालन को समेकित किया और कैंटली फैक्ट्री को बंद करने के प्रस्ताव से पहले उसके पास चार प्रोसेसिंग संयंत्र रह गए थे।

यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो ब्रिटिश शुगर के संचालन में रहने वाली फैक्ट्रियों की संख्या घटकर तीन रह जाएगी। बढ़ती लागत और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी दक्षता में सुधार लाने का प्रयास कर रही है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here