नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव रोकने के उद्देश्य से अक्टूबर 2026 के दूसरे पखवाड़े के लिए 16 लाख मीट्रिक टन (LMT) चीनी का बिक्री कोटा आवंटित किया है। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने 13 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के माध्यम से देश की 587 चीनी मिलों और दो रिफाइनरियों के लिए यह कोटा निर्धारित किया है।
अक्टूबर 2026 के पहले पखवाड़े में चीनी मिलों के लिए 14 लाख मीट्रिक टन का कोटा आवंटित किया गया था। वहीं, सितंबर 2026 में सरकार ने पूरे महीने के लिए कुल 26.50 लाख मीट्रिक टन चीनी का कोटा जारी किया था। इसमें पहले पखवाड़े के लिए 13 लाख टन और दूसरे पखवाड़े के लिए 13.50 लाख टन चीनी शामिल थी।
महाराष्ट्र को सबसे अधिक 4.76 लाख टन चीनी का कोटा
खाद्य विभाग के आदेश के अनुसार, राज्यों में महाराष्ट्र को सबसे अधिक 4,76,201 टन चीनी का आवंटन किया गया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का स्थान है।
इसके अतिरिक्त, श्री रेणुका शुगर्स लिमिटेड को अपनी रिफाइनरी से 1,30,000 टन और श्री दत्त इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 70,000 टन परिवर्तित चीनी घरेलू बाजार में बेचने की अनुमति दी गई है।

अक्टूबर में पेराई शुरू करने वाली मिलों को विशेष अनुमति
आदेश के अनुसार, अक्टूबर 2026 में पेराई शुरू करने वाली चीनी मिलें उसी महीने उत्पादित चीनी को अक्टूबर और नवंबर 2026 में बेच सकेंगी।पखवाड़े के लिए निर्धारित कोटे के तहत मिलों को पहले सप्ताह में आवंटित मात्रा का कम से कम 45 प्रतिशत बेचना होगा। शेष मात्रा अगले सप्ताह में बेचनी होगी।विभाग ने स्पष्ट किया है कि बेची गई चीनी को सात दिनों के भीतर मिल परिसर से भेजना अनिवार्य होगा। बिक्री की तारीख वही मानी जाएगी, जिस दिन मिल की ओर से बिक्री का चालान जारी किया जाएगा।
18 अक्टूबर तक बिक्री का विवरण जमा करना अनिवार्य
चीनी मिलों को 15 अक्टूबर 2026 तक की बिक्री का पूरा विवरण 18 अक्टूबर तक अपने पंजीकृत ई-मेल आईडी के माध्यम से विभाग को भेजना होगा।आदेश में चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाली मिलों को नवंबर 2026 के लिए बिक्री कोटा जारी नहीं किया जा सकता है।विभाग ने मिलों को यह भी निर्देश दिया है कि उनके सभी चीनी डीलर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) के पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और प्रत्येक शुक्रवार को अपने चीनी स्टॉक की जानकारी घोषित करें।
किसी भी चीनी मिल को अपंजीकृत डीलर को चीनी बेचने की अनुमति नहीं होगी। मिलों को P-II फॉर्म जमा करते समय इस नियम के अनुपालन की पुष्टि करते हुए घोषणा-पत्र भी देना होगा। डीलरों के पंजीकरण की जांच के लिए मिलों को लॉगिन संबंधी जानकारी 27 अगस्त 2026 के पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी।
7 नवंबर तक P-II रिटर्न जमा करना होगा
चीनी मिलों को अक्टूबर 2026 के दोनों पखवाड़ों का विवरण शामिल करते हुए मासिक P-II रिटर्न 7 नवंबर 2026 तक एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (API) के माध्यम से जमा करना होगा। अक्टूबर के लिए मिलवार कोटा विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जा रहा है।30 सितंबर 2026 को घोषित चीनी के अंतिम स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। घोषित स्टॉक और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर इसे चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 का उल्लंघन माना जाएगा।जिन समूह कंपनियों के पास एक से अधिक चीनी मिलें हैं, वे अपने स्टॉक का रखरखाव प्रत्येक मिल के आधार पर या पूरे समूह के संयुक्त आधार पर कर सकती हैं।
20 प्रतिशत चीनी की जूट की बोरियों में पैकिंग अनिवार्य
सरकार ने चीनी मिलों को जूट पैकेजिंग सामग्री (वस्तुओं की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 के तहत 20 प्रतिशत चीनी की पैकिंग जूट की बोरियों में करना अनिवार्य किया है।मिलों को इसकी जानकारी नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (NSWS) पोर्टल पर P-II विवरण में भी दर्ज करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जूट पैकेजिंग संबंधी नियमों का पालन नहीं करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है।केंद्र सरकार के इस फैसले से आगामी त्योहारों और घरेलू खपत के दौरान चीनी की आपूर्ति पर नजर रखने में मदद मिलेगी। हालांकि, बाजार में कीमतों की दिशा मांग, वास्तविक उपलब्धता और चीनी मिलों की बिक्री पर निर्भर करेगी।


















