सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में स्थित केरता चीनी मिल में लंबे समय से चला आ रहा असंतोष सोमवार को खुले आंदोलन में तब्दील हो गया। बकाया भुगतान को लेकर आक्रोशित सैकड़ों गन्ना किसानों और मजदूरों ने एकजुट होकर मिल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी, जिसके बाद उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया और पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। किसानों और मजदूरों का कहना है कि, गन्ना आपूर्ति और श्रम के एवज में उनका भुगतान लंबे अरसे से अटका हुआ है। बार-बार शांतिपूर्ण तरीके से प्रबंधन से गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवाय कुछ हाथ नहीं लगा। आखिरकार जब प्रबंधन की उदासीनता और अनदेखी की हद पार हो गई, तो मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में किसान और मजदूर केरता चीनी मिल के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और तालाबंदी कर दी।इस कदम के साथ ही मिल का समस्त कार्य बंद हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा — जब तक बकाया राशि का एक-एक पैसा नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन को समर्थन देने जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की अध्यक्ष शशि सिंह मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहीं। उन्होंने प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि, किसानों और मजदूरों के हक के साथ किसी भी कीमत पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि, यदि निर्धारित समय सीमा में बकाया भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। तालाबंदी के बाद से केरता क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और कारखाना प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक न्याय नहीं मिलता।


















