नई दिल्ली: नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (NFCSF) ने शुक्रवार को कहा कि, वह चीनी की कीमतों में हालिया तेजी को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के साथ मजबूती से खड़ा है। हालांकि, संगठन ने उन दावों को खारिज किया कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी डायवर्ट किए जाने के कारण चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।
फेडरेशन ने कहा कि, चीनी की कीमतों में अचानक आई तेजी से चीनी मिल मालिक, व्यापारी, उपभोक्ता, किसान और बैंकिंग क्षेत्र सभी हैरान और असमंजस में हैं। संगठन ने माना कि, सरकार स्थिति पर करीब से नजर रख रही है और चीनी व्यापारियों तथा थोक खरीदारों पर स्टॉक सीमा, चीनी मिलों में स्टॉक का भौतिक सत्यापन और 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात जैसे कदम पहले ही उठा चुकी है।एनएफसीएसएफ के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील ने कहा कि, नेशनल शुगर फेडरेशन सरकार के इन फैसलों को सुचारू और प्रभावी तरीके से लागू करने में केंद्र सरकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
चीनी की मौजूदा कीमतों से सहकारी मिलों को लाभ नहीं
फेडरेशन ने कहा कि, नियमों का पालन करने वाला सहकारी चीनी क्षेत्र मौजूदा कीमतों में बढ़ोतरी से लाभान्वित नहीं हुआ है।संगठन के अनुसार, मौजूदा सीजन में चीनी की औसत वास्तविक बिक्री कीमत अभी भी करीब 40 रुपये प्रति किलो है, जबकि उत्पादन लागत लगभग 43 रुपये प्रति किलो पहुंच चुकी है।इसके बावजूद सहकारी चीनी मिलें राज्य सरकार की मंजूरी के अधीन 15 अक्टूबर 2026 तक गन्ने की पेराई शुरू करने का प्रयास करेंगी, ताकि त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए शुरुआती चीनी बाजार में उपलब्ध कराई जा सके।
हालांकि, फेडरेशन ने बताया कि समय से पहले गन्ने की पेराई शुरू करने पर सामान्यतः रिकवरी में 2 से 3 प्रतिशत की कमी आती है, जिससे चीनी मिलों को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ता है।इसलिए एनएफसीएसएफ ने सरकार से मांग की है कि मिलों को होने वाले रिकवरी नुकसान की भरपाई की जाए और अक्टूबर-नवंबर 2026 में उत्पादित एवं बेची जाने वाली चीनी पर जीएसटी माफ किया जाए।
सहकारी चीनी मिलों के लिए सॉफ्ट लोन की मांग
फेडरेशन ने कहा कि देशभर की कई सहकारी चीनी मिलें नकदी की कमी का सामना कर रही हैं, जिसके कारण वे गन्ने की पेराई शुरू करने की स्थिति में नहीं हैं।संगठन ने प्री-सीजन खर्चों को पूरा करने के लिए सहकारी मिलों को सॉफ्ट लोन यानी कम ब्याज वाले ऋण उपलब्ध कराने की मांग की है।
एनएफसीएसएफ के अनुसार, लगातार सात वर्षों से गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) तथा अन्य परिचालन लागत में बढ़ोतरी के कारण चीनी उत्पादन की मौजूदा लागत करीब 43 रुपये प्रति किलो हो गई है।फेडरेशन ने सरकार से कम से कम 43 रुपये प्रति किलो के स्तर पर न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) घोषित करने की मांग की है। इससे बैंक चीनी के स्टॉक का उचित मूल्यांकन कर सकेंगे और सहकारी मिलों को अतिरिक्त ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एथेनॉल मिश्रण राष्ट्रीय प्राथमिकता: हर्षवर्धन पाटील
एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम पर हर्षवर्धन पाटील ने कहा कि यह गन्ना किसानों के लिए लाभकारी राष्ट्रीय प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है और पहले किए जा चुके निवेश को देखते हुए इसे लंबे समय तक जारी रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से एथेनॉल की खरीद कीमतों में बदलाव नहीं हुआ है, जबकि गन्ने और अन्य लागतों में लगातार वृद्धि हुई है। इसलिए एथेनॉल की खरीद कीमतों में भी लागत के अनुरूप बढ़ोतरी की आवश्यकता है।
एनएफसीएसएफ ने कहा कि वह चीनी की कीमतों को उचित स्तर पर लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। साथ ही फेडरेशन ने चीनी की कीमतों में मौजूदा तेजी के लिए एथेनॉल डायवर्जन को जिम्मेदार ठहराने वाली धारणा की आलोचना की।फेडरेशन के अनुसार, एथेनॉल की आपूर्ति में चीनी क्षेत्र की हिस्सेदारी 86 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत रह गई है। संगठन का तर्क है कि इससे स्पष्ट होता है कि मौजूदा चीनी कीमतों में बढ़ोतरी के लिए एथेनॉल डायवर्जन को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।


















