नई दिल्ली : धरानी शुगर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड के शेयरधारकों ने संबंधित पक्ष धरानी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से कुल 300 करोड़ रुपये तक उधार लेने की सीमा को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने बीएसई को दी जानकारी में बताया कि, इस राशि का इस्तेमाल पेराई परिचालन दोबारा शुरू करने और बकाया ऋणों के निपटान के लिए आवश्यक धन जुटाने में किया जाएगा। कंपनी की 25 सितंबर को हुई 39वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अलावा, शेयरधारकों ने कार्यकारी चेयरमैन पालानी जी. पेरियासामी से संबंधित पक्ष के रूप में 25 करोड़ रुपये की अलग उधारी सीमा को भी मंजूरी दी।
ये मंजूरियां मई 2024 में कॉरपोरेट इंसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (सीआईआरपी) वापस लिए जाने के बाद सामने आई हैं। यह प्रक्रिया प्रमोटर द्वारा प्रस्तुत समझौता प्रस्ताव के बाद वापस ली गई थी, जिसे क्रेडिटर्स की समिति (CoC) और राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT), चेन्नई पीठ ने मंजूरी दी थी। इसके बाद कंपनी के निदेशक मंडल की शक्तियां बहाल कर दी गई थीं। इसके बाद कंपनी ने कर्मचारियों को वापस बुलाया और अपनी इकाइयों में ओवरहालिंग एवं मरम्मत का काम शुरू किया है। कंपनी अब पेराई परिचालन दोबारा शुरू करने और बकाया ऋणों के निपटान के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन जुटा रही है। धरानी शुगर्स ने बताया कि, 2016-18 के सूखे के दौरान गन्ने की उपलब्धता कम रहने और उत्पादन क्षमता का कम इस्तेमाल होने से कंपनी को नुकसान हुआ था। इसके परिणामस्वरूप कंपनी के ऋण खातों को बाद में गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के रूप में वर्गीकृत किया गया।
सितंबर तिमाही के नतीजों से पहले ट्रेडिंग विंडो बंद
इस बीच, कंपनी ने 1 अक्टूबर 2026 से निदेशकों, नामित व्यक्तियों और उनके निकट संबंधियों के लिए ट्रेडिंग विंडो बंद करने की घोषणा की है। यह कदम 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों की घोषणा से पहले उठाया गया है। एक अलग बीएसई फाइलिंग में कंपनी ने कहा कि, ट्रेडिंग विंडो स्टॉक एक्सचेंजों को वित्तीय परिणाम घोषित किए जाने के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी। कंपनी ने यह कदम सेबी (इनसाइडर ट्रेडिंग का निषेध) विनियम, 2015, इसके संशोधित प्रावधानों और नामित व्यक्तियों द्वारा प्रतिभूतियों में कारोबार को नियंत्रित करने वाली कंपनी की आचार संहिता के अनुरूप उठाया है। धरानी शुगर्स ने अभी तक सितंबर तिमाही के वित्तीय परिणामों पर विचार और उन्हें मंजूरी देने के लिए होने वाली बोर्ड बैठक की तारीख की घोषणा नहीं की है। कंपनी ने कहा है कि बैठक की तारीख की जानकारी अलग से दी जाएगी। ट्रेडिंग पर यह प्रतिबंध कंपनी के सभी निदेशकों और नामित व्यक्तियों के साथ-साथ उनके निकट संबंधियों पर लागू होगा।


















