काहिरा : मिस्र ने वर्ष 2026 के अंत तक चीनी के निर्यात को फिर से मंजूरी देने का फैसला किया है। हालांकि, निर्यात की अनुमति तभी होगी जब घरेलू जरूरतें पूरी हो जाएं। देश में चीनी का स्टॉक बढ़ने और उत्पादकों को अपनी चीनी बेचने में कठिनाई के बीच सरकार ने यह कदम उठाया है। अहराम ऑनलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले से घरेलू चीनी उद्योग को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्रालय ने सभी प्रकार की चीनी के निर्यात की अनुमति दी है। करीब तीन वर्ष पहले, 2023 की शुरुआत में मिस्र ने चीनी के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद यह प्रतिबंध हर तीन महीने में बढ़ाया जाता रहा।
चीनी निर्यात पर प्रतिबंध हटाने का फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब घरेलू चीनी उत्पादक बढ़ते स्टॉक की समस्या से जूझ रहे हैं। उत्पादकों का कहना है कि, बड़ी मात्रा में सस्ती आयातित चीनी आने से घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ा है। शुगर क्रॉप्स काउंसिल के प्रमुख मुस्तफा अब्देल-गवाद ने बताया कि आयातित चीनी घरेलू स्तर पर उत्पादित चीनी की तुलना में काफी सस्ती पड़ती है, जिससे स्थानीय चीनी मिलों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल हो गई है।
उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतों के आधार पर मिस्र में आयातित चीनी की लागत कभी-कभी करीब 18 मिस्री पाउंड प्रति किलोग्राम तक पड़ती है। रिफाइनिंग के बाद यह लागत करीब 19 पाउंड प्रति किलोग्राम हो जाती है। इसके बाद आयातित चीनी घरेलू बाजार में करीब 22 से 30 पाउंड प्रति किलोग्राम से कम कीमत पर बेची जा सकती है, जिससे व्यापारियों को अच्छा मार्जिन मिलता है। इसके मुकाबले घरेलू स्तर पर चीनी उत्पादन की लागत करीब 25 पाउंड प्रति किलोग्राम है।


















