एथेनॉल से दोपहिया वाहनों के माइलेज पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा, OEM कंपनियां बढ़ा रही हैं दक्षता : हीरो मोटोकॉर्प अधिकारी

नई दिल्ली : एथेनॉल सहित वैकल्पिक ईंधनों के इस्तेमाल से दोपहिया वाहनों के माइलेज पर बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है। वाहन निर्माता कंपनियां एथेनॉल के कम कैलोरिफिक वैल्यू यानी कम ऊष्मीय मान की भरपाई के लिए वाहनों की ईंधन दक्षता बढ़ाने पर लगातार काम कर रही हैं। यह बात हीरो मोटोकॉर्प के चीफ बिजनेस ऑफिसर-इंडिया आशुतोष वर्मा ने कही।वर्मा ने दोपहिया वाहन उद्योग के सामने मांग में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि, पिछले चार-पांच वर्षों में कोविड-19 महामारी समेत कई तरह के व्यवधानों के कारण बाजार की मांग का अनुमान लगाना मुश्किल रहा है।

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) द्वारा आयोजित ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव से इतर ANI से बातचीत में वर्मा ने कहा कि, पिछले एक साल और 2026 में उद्योग का परिदृश्य सकारात्मक रहा है। ऐसे में बाजार किस दिशा में जाएगा, इसका सही आकलन कर उसी के अनुसार निवेश करना और भविष्य के लिए तैयार रहना उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है। वर्मा ने डिजिटलीकरण और तेजी से बदलते डिजिटल माहौल के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता को भी ऑटोमोबाइल उद्योग के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती बताया। हालांकि, उन्होंने इसे चुनौती के साथ-साथ अवसर भी करार दिया और कहा कि उद्योग एक रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में सरकार की पहल का भी स्वागत किया और इसे एक बेहतरीन कदम बताया।वैकल्पिक ईंधनों को लेकर विश्वास जताते हुए वर्मा ने कहा कि, एथेनॉल का कैलोरिफिक वैल्यू पेट्रोल की तुलना में कम होता है। इसलिए इसके इस्तेमाल से माइलेज में कुछ कमी आना स्वाभाविक है। हालांकि, भारतीय ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEMs) ने तकनीकी सुधारों के जरिए वाहनों की दक्षता बढ़ाई है। इनमें आइडल स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम और लो-रोलिंग-रेजिस्टेंस टायर जैसी तकनीकें शामिल हैं। इन सुधारों से एथेनॉल के कारण माइलेज में होने वाली संभावित कमी की काफी हद तक भरपाई करने में मदद मिल रही है।

वर्मा ने कहा कि, एथेनॉल के कारण वाहनों को अधिक नुकसान होने की कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि, वैकल्पिक ऊर्जा और ईंधन के क्षेत्र में नए विकल्प विकसित हो रहे हैं, जो आने वाले समय में ऑटोमोबाइल उद्योग की दिशा तय करेंगे। उन्होंने ऑटो रिटेल कॉन्क्लेव की भी सराहना करते हुए कहा कि यह हर वर्ष आयोजित होने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जहां देशभर के डीलर और वाहन निर्माता एकत्र होकर विचार साझा करते हैं और एक-दूसरे से सीखते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here