नई दिल्ली: स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष, पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) को बढ़ाकर 385 रुपये प्रति क्विंटल (3850 रुपये प्रति टन) करने की मांग की है। उन्होंने बढ़ती खाद और ईंधन की कीमतों को देखते हुए मौजूदा 365 रुपये प्रति क्विंटल एफआरपी को अपर्याप्त बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2026–27 सत्र के लिए 10.25 प्रतिशत रिकवरी दर के आधार पर एफआरपी 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.81 प्रतिशत अधिक है।
राजू शेट्टी ने कहा कि सरकार द्वारा तय किया गया यह मूल्य किसानों के वास्तविक खर्च को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है।उन्होंने सरकार के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि गन्ना उत्पादन लागत 182 रुपये प्रति क्विंटल है। उनके अनुसार, खाद की बढ़ती कीमतें, जलवायु अनिश्चितता और डीजल की संभावित बढ़ोतरी से किसानों की लागत कहीं अधिक हो गई है।उन्होंने कहा कि, ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर किसानों पर पड़ता है, क्योंकि खेत की तैयारी से लेकर कटाई और परिवहन तक हर चरण में डीजल का उपयोग होता है। कटाई के बाद गन्ने के परिवहन खर्च में भी वृद्धि होने की संभावना है।
शेट्टी ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि, वह प्रस्तावित दरों पर कृषि विश्वविद्यालयों में गन्ना उगाकर दिखाए। उन्होंने कहा कि, कागजों पर गणना आसान लगती है, लेकिन वास्तविक स्थिति में लागत कहीं अधिक होती है। उन्होंने यह भी कहा कि, सरकार का यह दावा कि 365 रुपये का एफआरपी उत्पादन लागत से 100.5 प्रतिशत अधिक है, व्यवहारिक रूप से सही नहीं है क्योंकि किसानों को कई ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिन्हें इन गणनाओं में शामिल नहीं किया जाता।
शेट्टी ने सुझाव दिया कि, चूंकि यह एफआरपी 2026-27 में लागू होगा, इसलिए सरकार के पास इसे पुनर्विचार करने का समय है और इसे बढ़ाकर 385 रुपये प्रति क्विंटल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खाद की कीमतों में 40-50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जबकि ईंधन के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे हालात में सबसे अधिक नुकसान किसानों को ही उठाना पड़ता है।


















