अकरा : घाना के गन्ना किसानों ने कोमेंडा शुगर फैक्ट्री लंबे समय से बंद रहने के विरोध में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। किसानों का कहना है कि, फैक्ट्री के उद्घाटन के दस साल बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। गन्ना किसान संघ ने जारी बयान में कहा कि, यह फैक्ट्री 30 मई 2016 को शुरू की गई थी। किसानों को उम्मीद थी कि इससे स्थानीय चीनी उत्पादन बढ़ेगा, रोजगार के अवसर मिलेंगे और गन्ने की फसल के लिए स्थायी बाजार तैयार होगा। लेकिन एक दशक बीत जाने के बाद भी फैक्ट्री बंद पड़ी है और उसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है।
किसानों का आरोप है कि, फैक्ट्री बंद रहने से हजारों गन्ना उत्पादकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।उन्हें न तो अपनी फसल का उचित बाजार मिल पा रहा है और न ही परियोजना से अपेक्षित लाभ। संघ ने संबंधित मंत्रालय पर फैक्ट्री के संचालन को लेकर प्रभावी नेतृत्व और स्पष्ट योजना की कमी का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि वर्षों की निगरानी के बावजूद फैक्ट्री को चालू नहीं किया जा सका, जो खराब प्रबंधन को दर्शाता है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि, फैक्ट्री की वर्तमान स्थिति और उससे जुड़ी रिपोर्ट को लेकर मांगी गई जानकारी का उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। अब किसानों ने सरकार से मांग की है कि, फैक्ट्री को मौजूदा मंत्रालय के नियंत्रण से हटाकर किसी विशेष सरकारी कार्यक्रम के तहत संचालित किया जाए ताकि इसे जल्द दोबारा शुरू किया जा सके। गन्ना किसान संघ ने घोषणा की है कि, वह 16 जून 2026 को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में किसान, युवा और अन्य स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। उनका उद्देश्य सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना और फैक्ट्री को फिर से शुरू कराने के लिए दबाव बनाना है।
किसानों का कहना है कि, वे आज भी फैक्ट्री को गन्ने की आपूर्ति करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और स्थानीय चीनी की बाजार में पर्याप्त मांग भी मौजूद है। उनका मानना है कि सही नीति और ठोस कदम उठाकर फैक्ट्री को फिर से चालू किया जा सकता है, जिससे किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ मिलेगा।


















