हरियाणा : गन्ना किसानों का राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान; 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य देने की मांग

रोहतक : हरियाणा में गन्ने की कीमतों में बढ़ोतरी और किसानों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) ने राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन की ओर से 23 नवंबर को रोहतक जिले की भाली चीनी मिल में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। इसके बाद 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। यह जानकारी द ट्रिब्यून की रिपोर्ट में दी गई है।

मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की घोषणा की गई। किसान सभा ने कहा कि हरियाणा के गन्ना उत्पादक किसान गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से घोषित कीमतें खेती की लगातार बढ़ती लागत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

राज्य सरकार ने आगामी दो पेराई सत्रों के लिए गन्ने के दाम में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके तहत वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल और वर्ष 2027-28 के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। अखिल भारतीय किसान सभा ने इस बढ़ोतरी को किसानों के साथ ‘क्रूर मजाक’ बताते हुए कहा कि घोषित दरें किसानों की उम्मीदों से काफी कम हैं।

अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि, कृषि लागत में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद सरकार किसानों को पर्याप्त आर्थिक लाभ देने में विफल रही है। इसी वजह से संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसानों की समस्याएं कम होने के बजाय कृषि क्षेत्र पर दबाव और बढ़ रहा है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान सभा के रोहतक जिला अध्यक्ष सुनील मलिक और सचिव सुमित दलाल भी उपस्थित थे।

टिकरी बॉर्डर की ओर कूच करेंगे किसान

किसान सभा ने संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आह्वान पर 26 नवंबर को होने वाले देशव्यापी प्रदर्शनों में शामिल होने की भी घोषणा की है। दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसान आंदोलन के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा के किसान बहादुरगढ़ में एकत्रित होंगे और वहां से टिकरी बॉर्डर की ओर मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि, किसान आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से किए गए कई आश्वासन अब तक पूरे नहीं हुए हैं। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, बिजली संशोधन विधेयक और बीज विधेयक को वापस लेने तथा किसानों और खेत मजदूरों की कर्जमाफी जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

फसल खराबे के लंबित मुआवजे की मांग

रोहतक जिले की स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए किसान सभा ने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल 18 नवंबर को जिला उपायुक्त से मुलाकात करेगा। इस दौरान किसानों को फसल खराबे के लंबित मुआवजे का भुगतान जल्द जारी करने और सौर ऊर्जा से संचालित ट्यूबवेल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की जाएगी। संगठन ने प्रशासन से किसानों की लंबित समस्याओं का शीघ्र निपटारा करने की अपील की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here