नई दिल्ली: दुनिया के चीनी बाजार में आने वाले वर्षों में आपूर्ति का दबाव बढ़ सकता है। इसकी प्रमुख वजह भारत से चीनी निर्यात में आई भारी गिरावट मानी जा रही है। जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, कमजोर मानसून की आशंका, एल नीनो का प्रभाव और एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के बढ़ते उपयोग के कारण भारत का चीनी निर्यात अगले कुछ वर्षों तक सीमित रहने की संभावना जताई जा रही है।
चीनी निर्यात में आई बड़ी गिरावट
भारत कभी दुनिया के प्रमुख चीनी निर्यातक देशों में शामिल था और हर साल औसतन 68 लाख टन चीनी वैश्विक बाजार में भेजता था।हालांकि, हाल के वर्षों में घरेलू उपलब्धता कम होने के कारण निर्यात घटकर लगभग 8 लाख टन तक सिमट गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि, अगले दो से तीन वर्षों तक भारत की वैश्विक चीनी बाजार में भूमिका सीमित रह सकती है।
एल नीनो से गन्ना उत्पादन पर मंडरा रहा खतरा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एल नीनो के कारण सामान्य से कमजोर मानसून की आशंका बनी हुई है। यदि बारिश कम होती है तो गन्ने की बुवाई और उत्पादन दोनों प्रभावित हो सकते हैं। इससे चीनी उत्पादन में कमी आने और घरेलू बाजार में उपलब्धता घटने की संभावना बढ़ जाएगी।
एथेनॉल उत्पादन ने बदला गन्ने का उपयोग
सरकार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की नीति पर तेजी से काम कर रही है। इसके चलते गन्ने का बड़ा हिस्सा अब चीनी बनाने के बजाय एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे चीनी उत्पादन के लिए उपलब्ध कच्चे माल में कमी आ रही है और घरेलू चीनी आपूर्ति पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।
घरेलू मांग उत्पादन से अधिक रहने की संभावना
अनुमानों के मुताबिक, चालू सत्र में भारत का चीनी उत्पादन करीब 2.79 करोड़ टन रह सकता है, जबकि घरेलू खपत लगभग 2.85 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यानी मांग उत्पादन से अधिक हो सकती है, जिससे चीनी का स्टॉक घटकर कई वर्षों के निचले स्तर पर पहुंच सकता है।
भविष्य में आयात की भी बन सकती है स्थिति
यदि उत्पादन और खपत के बीच का अंतर लगातार बना रहता है, तो भारत को 2027-28 तक चीनी आयात करने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसा होने पर पिछले एक दशक में पहली बार भारत आयातक देश की भूमिका में नजर आ सकता है। फिलहाल सरकार घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए 2026 तक चीनी निर्यात पर प्रतिबंध लागू कर चुकी है।
वैश्विक बाजार पर भी पड़ेगा असर
भारत के सीमित निर्यात का असर एशिया, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के उन देशों पर पड़ सकता है, जो भारतीय चीनी पर निर्भर हैं। वैश्विक बाजार में आपूर्ति घटने से अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी आने की आशंका है। विशेषज्ञों का मानना है कि एल नीनो और एथेनॉल नीति का संयुक्त प्रभाव आने वाले वर्षों में वैश्विक चीनी कारोबार की दिशा बदल सकता है।


















