नई दिल्ली: बिहार सरकार ने शुगरकेन इंडस्ट्री इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी 2026 लागू की है। इसके तहत चीनी मिलों, एथेनॉल, को-जनरेशन और कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) परियोजनाओं में निवेश आकर्षित करने के लिए पूंजीगत अनुदान और भूमि संबंधी रियायतें दी जाएंगी। यह जानकारी बिहार सरकार के संयुक्त गन्ना आयुक्त वेदव्रत कुमार ने इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) सम्मेलन 2026 में दी। कुमार ने कहा कि, बिहार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में चीनी और गन्ना आधारित उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये उद्योग राज्यभर के किसानों और श्रमिकों की आजीविका को समर्थन देते हैं। उन्होंने बताया कि, वर्ष 2006 में शुरू किए गए और 2014 में संशोधित सरकारी प्रोत्साहन पैकेजों से राज्य में चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाने में मदद मिली।
चीनी मिलों और डिस्टिलरी की क्षमता में बढ़ोतरी
कुमार के अनुसार, बिहार में चीनी मिलों की गन्ना पेराई क्षमता वर्ष 2005 के 33,500 टन प्रतिदिन (TCD) से बढ़कर वर्तमान में 65,450 TCD हो गई है। वहीं, डिस्टिलरी क्षमता 75 किलोलीटर प्रतिदिन (KLPD) से बढ़कर 530 KLPD हो गई है। राज्य की चीनी मिलों से अब 88.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के पास बड़ा कृषि आधार, बढ़ता गन्ना फीडस्टॉक बेस, युवा कार्यबल और पूर्वी भारत के प्रमुख बाजारों के साथ-साथ नेपाल, बांग्लादेश और भूटान तक बेहतर कनेक्टिविटी जैसी महत्वपूर्ण ताकतें हैं। राज्य सरकार गन्ना नर्सरी, गन्ना मशीनीकरण, बीज विकास, गन्ना क्षेत्र के विस्तार और जैविक उर्वरकों को बढ़ावा देने से जुड़ी पांच योजनाएं लागू कर रही है। कुमार ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य औद्योगिक निवेश के साथ किसानों को भी मजबूत समर्थन देना है।
नई चीनी मिल के लिए 70 करोड़ रुपये तक का पूंजीगत अनुदान
बिहार शुगरकेन इंडस्ट्री इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी 2026 के तहत कम से कम 3,500 TCD क्षमता वाली नई चीनी मिल को 70 करोड़ रुपये का पूंजीगत अनुदान मिलेगा। न्यूनतम क्षमता से अधिक क्षमता के लिए अतिरिक्त अनुदान का भी प्रावधान किया गया है। वहीं, कम से कम 45 KLPD क्षमता वाली डिस्टिलरी और एथेनॉल इकाइयों को स्थिर पूंजी निवेश का 15 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 5 करोड़ रुपये होगी। चीनी मिल से जुड़ा कम से कम 10 मेगावाट क्षमता का को-जनरेशन बिजली संयंत्र स्थिर पूंजी निवेश पर 20 प्रतिशत अनुदान के लिए पात्र होगा। इसकी अधिकतम सीमा 15 करोड़ रुपये तय की गई है।
CBG परियोजनाओं को भी प्रोत्साहन
नीति के तहत कम से कम 5 टन प्रतिदिन क्षमता वाले CBG संयंत्रों को स्थिर पूंजी निवेश पर 15 प्रतिशत अनुदान मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 5 करोड़ रुपये होगी। भूमि के मामले में सरकार 30 वर्षों के लिए अधिकतम 40 एकड़ भूमि लीज पर उपलब्ध कराएगी। इसके लिए प्रतीकात्मक दर 1 रुपये निर्धारित की गई है।
बिहार में 25 चीनी मिलें स्थापित करने की योजना
कुमार ने कहा कि, राज्य सरकार बिहार में 25 चीनी मिलें और सहायक इकाइयां स्थापित करने की योजना बना रही है। चूंकि उपयुक्त भूमि सीमित है, इसलिए भूमि आवंटन में उन निवेशकों को प्राथमिकता दी जाएगी जो व्यवहार्य परियोजना प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि गन्ना उद्योग विभाग एक परियोजना निगरानी समिति और निवेशक सुविधा डेस्क के माध्यम से सहयोग प्रदान करेगा। यह सहायता विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने से लेकर परियोजना के कमीशनिंग और उसके बाद के चरणों तक उपलब्ध होगी।
निवेशकों के लिए आसान प्रक्रिया
प्रस्तावित निवेशक प्रक्रिया में प्रारंभिक सुविधा, राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (SIPB) की मंजूरी, वित्तीय समापन और दस्तावेजों की जांच, परियोजना सत्यापन तथा सब्सिडी एवं वित्तीय सहायता जारी करना शामिल है। कुमार ने संभावित निवेशकों से जल्द से जल्द परियोजना प्रस्ताव जमा करने का आग्रह किया, ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विचार का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बिहार अपने गन्ना आधारित औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए निवेश, नई तकनीक और साझेदारी चाहता है। साथ ही उन्होंने ISMA से संभावित निवेशकों के बीच 2026 की नीति को बढ़ावा देने में सहयोग का अनुरोध किया।


















