कमजोर मांग के बीच भारत के चावल निर्यात दाम स्थिर, बाजार में सुस्ती बरकरार

नई दिल्ली : भारत के चावल निर्यात दाम इस सप्ताह लगभग स्थिर रहे, क्योंकि अफ्रीकी देशों से कमजोर मांग के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने के बावजूद निर्यात मांग में खास बढ़ोतरी नहीं देखी गई।भारत का 5 प्रतिशत टूटे दानों वाला उबला चावल इस सप्ताह 333 से 340 डॉलर प्रति टन पर बना रहा, जो पिछले सप्ताह के समान है। वहीं, 5 प्रतिशत टूटे दानों वाला सफेद चावल 335 से 340 डॉलर प्रति टन के बीच रहा। नई दिल्ली के एक व्यापारी ने कहा कि, प्रमुख चावल निर्यातक देशों में भारत की कीमतें सबसे कम हैं, लेकिन इसके बावजूद निर्यात मांग में तेजी नहीं आ रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार ऊंची तेल कीमतों और विदेशी निवेश निकासी के कारण भारतीय रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे देश के चालू खाते और पूंजी संतुलन पर दबाव बढ़ा है। वियतनाम का 5 प्रतिशत टूटे दानों वाला चावल गुरुवार को 395 से 400 डॉलर प्रति मीट्रिक टन पर रहा, जो पिछले सप्ताह के बराबर है। हो ची मिन्ह सिटी के एक व्यापारी ने कहा, घरेलू आपूर्ति कम हो रही है, लेकिन फिलीपींस द्वारा आयातित चावल पर मूल्य सीमा तय करने के कदम को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि, फिलीपींस वियतनाम का सबसे बड़ा चावल खरीदार है और वहां की किसी भी नीति का सीधा असर बाजार पर पड़ेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

दूसरी ओर, थाईलैंड का 5 प्रतिशत टूटे दानों वाला चावल 415 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया, जबकि पिछले सप्ताह यह 404-405 डॉलर प्रति टन था।व्यापारियों के अनुसार, थाई मिलर्स घरेलू बाजार में मजबूती की उम्मीद में बिक्री रोक रहे हैं, जिसके कारण कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, मांग अभी भी कमजोर बनी हुई है और बड़े सौदे सामने नहीं आए हैं। बैंकॉक के एक व्यापारी ने बताया कि हांगकांग और अफ्रीकी बाजारों के नियमित खरीदार छोटी मात्रा में ऑर्डर दे रहे हैं। थाईलैंड में नई फसल की बुवाई जारी है और बाजार आने वाले महीनों में होने वाली फसल के आकार का इंतजार कर रहा है।

बांग्लादेश में भी चावल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। भारी प्री-मानसून बारिश के कारण 2 लाख मीट्रिक टन से अधिक चावल की फसल को नुकसान होने की आशंका है, जिससे कीमतों में और बढ़ोतरी का डर बढ़ गया है। वहीं, फिच सॉल्यूशंस की इकाई BMI ने कहा है कि, 2030 तक वैश्विक चावल बाजार में अधिशेष बने रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम संबंधी अस्थिरता अलग-अलग सीजन में उत्पादन को प्रभावित कर सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here