केन्या : चीनी क्षेत्र में कृषि कोष के प्रस्तावित पुनर्गठन को लेकर किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े हितधारकों के बीच मतभेद

नैरोबी : केन्या में गन्ना किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े हितधारकों के बीच फसलों से संबंधित कानून संशोधन विधेयक, 2026 (Crops Laws Amendment Bill, 2026) के तहत प्रस्तावित कृषि वित्त व्यवस्था में बड़े बदलावों को लेकर मतभेद सामने आए हैं। हितधारकों ने प्रस्तावित सुधारों को लेकर अलग-अलग राय रखी है।राष्ट्रीय असेंबली की कृषि एवं पशुधन संबंधी विभागीय समिति के समक्ष आयोजित सार्वजनिक भागीदारी सत्र में हितधारकों ने अपने विचार रखे।

इस समिति की अध्यक्षता टिगानिया वेस्ट के सांसद जॉन मुतुंगा ने की।बहुमत नेता किमानी इचुंगवा द्वारा प्रायोजित इस विधेयक का उद्देश्य कृषि क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं की मौजूदा संरचना में व्यापक बदलाव करना है।विधेयक के तहत एग्रीकल्चरल फाइनेंस कॉरपोरेशन (AFC) और कमोडिटीज फंड को मिलाकर एक नई संस्था केन्या एग्रीबिजनेस डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (KADCO) बनाने का प्रस्ताव है। यह नई संस्था राष्ट्रीय कोषागार (National Treasury) के अधीन काम करेगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

सरकार ने बताया सुधार का उद्देश्य

सुधार का बचाव करते हुए जॉन मुतुंगा ने कहा कि KADCO का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही वित्तीय कमी को दूर करना है। उनके अनुसार, यह बदलाव कृषि क्षेत्र से सहायता हटाने के बजाय मौजूदा संस्थाओं के संसाधनों को एकजुट करके अधिक प्रभावी वित्तीय व्यवस्था तैयार करने के लिए किया जा रहा है।हालांकि, उद्योग के कई नेताओं ने चेतावनी दी कि इस संरचनात्मक बदलाव से क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।

शुगर डेवलपमेंट लेवी को लेकर चिंता

केन्या शुगर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के निक ओलू ने शुगर डेवलपमेंट लेवी की राशि को KADCO की ओर मोड़ने के प्रस्ताव पर सवाल उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि, इससे पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है और शुगर एक्ट, 2024 के तहत हुई प्रगति कमजोर पड़ सकती है।उन्होंने याद दिलाया कि क्रॉप्स एक्ट, 2013 के बाद किए गए सुधारों ने गन्ना विकास, चीनी मिलों के पुनर्वास और किसानों को मिलने वाले समग्र सहयोग को गंभीर रूप से प्रभावित किया था।इसी बीच, केन्या एसोसिएशन ऑफ शुगरकेन एंड एलाइड प्रोडक्ट्स के एटियांग एटियांग ने सांसदों से शुगर एक्ट, 2024 के तहत हासिल उपलब्धियों को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतीत में चीनी क्षेत्र को एग्रीकल्चर एंड फूड अथॉरिटी और कमोडिटीज फंड से मिलने वाली राशि में उसकी विशाल आर्थिक भूमिका के बावजूद अपेक्षाकृत छोटा हिस्सा मिला है।

उत्पादन प्रभावित होने की आशंका

बुटाली शुगरकेन फार्मर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विलियम कोपी ने चेतावनी दी कि, मौजूदा वित्तीय मॉडल में बदलाव से सरकार, निवेशकों और गन्ना उत्पादकों के बीच संबंधों पर दबाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि छोटे किसानों की जरूरतों को नजरअंदाज किया गया तो इसका सीधा असर गन्ने के उत्पादन पर पड़ सकता है।

कुछ प्रतिनिधियों ने किया विधेयक का समर्थन

वहीं, कुछ प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित बदलाव का स्वागत भी किया। शुगर कैंपेन फॉर चेंज के माइकल अरुम ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि, प्राथमिकता ऐसी वित्तीय व्यवस्था तैयार करने की होनी चाहिए, जो छोटे किसानों को संगठित करे और उन्हें ऋण प्राप्त करने योग्य बनाए।उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और मलावी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां इसी तरह की वित्तीय व्यवस्थाओं ने स्थानीय चीनी उद्योग को मजबूत करने में सफलता हासिल की है।कृषि एवं पशुधन संबंधी समिति अब सभी हितधारकों द्वारा दिए गए सुझावों और आपत्तियों का मूल्यांकन करेगी। फसलों से संबंधित कानून संशोधन विधेयक, 2026 पर सार्वजनिक विचार-विमर्श की प्रक्रिया जारी रहेगी।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here