केन्या : बकाया भुगतान को लेकर चीनी आपूर्तिकर्ताओं ने सरकार पर किया मुकदमा, 173.58 मिलियन शिलिंग मुआवजे की मांग

नैरोबी: चीनी आपूर्तिकर्ताओं के एक समूह ने 173.58 मिलियन केन्याई शिलिंग के बकाया भुगतान की वसूली के लिए सरकार के खिलाफ अदालत का रुख किया है। आपूर्तिकर्ताओं का दावा है कि, यह राशि तीन सरकारी स्वामित्व वाली चीनी कंपनियों पर बकाया है, जिनकी परिसंपत्तियां और संचालन बाद में निजी संस्थाओं को पट्टे (लीज) पर दे दिए गए।चेबाइबाई ट्रेडर्स लिमिटेड, लेस्फाइन इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड और चार अन्य कंपनियों ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि, कृषि विभाग ने अंतरराष्ट्रीय निविदा संख्या के माध्यम से इन तीनों चीनी कंपनियों की परिसंपत्तियां और संचालन निजी संस्थाओं को सौंप दिए, लेकिन माल आपूर्ति से जुड़े मौजूदा अनुबंधों और बकाया देनदारियों पर विचार नहीं किया।

याचिका के अनुसार, सरकारी चीनी कंपनियों को आपूर्ति किए गए माल के बदले आपूर्तिकर्ताओं का कुल 173,580,487 शिलिंग बकाया है। उनका कहना है कि, लीज व्यवस्था के कारण उनके पास बकाया राशि वसूल करने का कोई प्रभावी माध्यम नहीं बचा है, क्योंकि जिन कंपनियों पर भुगतान की जिम्मेदारी थी, उनकी परिचालन परिसंपत्तियां लगभग पूरी तरह स्थानांतरित कर दी गई हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

परिसंपत्तियों के हस्तांतरण पर उठे सवाल

याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि, विभाग ने कंपनियों की परिसंपत्तियां और संचालन अन्य संस्थाओं को ऐसे कॉर्पोरेट ढांचे के तहत सौंप दिए, जिसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। उनका कहना है कि जिन परिसंपत्तियों में उनका आर्थिक हित जुड़ा हुआ था, उन्हें उनकी अनुबंधीय देनदारियां चुकाए बिना ही तीसरे पक्ष को हस्तांतरित कर दिया गया।याचिका में कहा गया है कि “इस लीज व्यवस्था का परिणाम यह हुआ कि याचिकाकर्ताओं की परिसंपत्तियों में निहित संपत्ति सरकार द्वारा बिना किसी मुआवजे की संभावना के तीसरे पक्ष को सौंप दी गई।”

चीनी कंपनियां ‘शेल कंपनियां’ बन गईं

आपूर्तिकर्ताओं का तर्क है कि, परिसंपत्तियां और संचालन हस्तांतरित होने के बाद संबंधित सरकारी चीनी कंपनियां व्यावहारिक रूप से ‘शेल कंपनियां’ बनकर रह गई हैं। इससे मौजूदा अनुबंधों को लागू कराना और कथित अनुबंध उल्लंघन से हुए नुकसान की भरपाई प्राप्त करना अत्यंत कठिन हो गया है।

अदालत से कई महत्वपूर्ण मांगें

याचिकाकर्ताओं ने अदालत से मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय निविदा प्रक्रिया को उनके संपत्ति अधिकारों का उल्लंघन घोषित किया जाए, क्योंकि उनका बकाया भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि, लीज पर दी गई परिसंपत्तियों में उनके कानूनी आर्थिक हित को मान्यता दी जाए तथा उन परिसंपत्तियों से होने वाली आय पर उनके अधिकार को लागू करने योग्य माना जाए। इसके अलावा, याचिकाकर्ताओं ने 173.58 मिलियन शिलिंग की मूल राशि, लाभ की हानि और ब्याज के लिए सभी प्रतिवादियों को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराने की मांग की है।

उन्होंने अदालत से यह भी आग्रह किया है कि, जब तक उनका बकाया पूरी तरह चुकाया नहीं जाता, तब तक कृषि विभाग को लीज अनुबंधों से प्राप्त होने वाली आय एकत्र करने से रोका जाए। साथ ही, जिन संस्थाओं ने चीनी कंपनियों की परिसंपत्तियां और संचालन अपने नियंत्रण में लिया है, उन्हें उन परिसंपत्तियों से संबंधित किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से रोकने का आदेश भी जारी किया जाए। यह याचिका सरकारी स्वामित्व वाली चीनी कंपनियों के पुनर्गठन और उनकी परिसंपत्तियों को लीज पर दिए जाने से उत्पन्न विवादों पर न्यायालय से निर्णय की मांग करती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here