किर्गिस्तान : सफेद चीनी के आयात पर छह महीने की रोक लगाने का प्रस्ताव, आयात में चार गुना वृद्धि

बिशकेक : घरेलू गन्ना उत्पादकों और चीनी मिलों को संरक्षण देने के उद्देश्य से किर्गिस्तान सरकार सफेद चीनी के आयात पर छह महीने तक अस्थायी प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है। विदेशों से चीनी की आपूर्ति में तेजी से वृद्धि और आयात कीमतों में गिरावट के बीच सरकार ने यह कदम उठाने की तैयारी की है। कजइन्फॉर्म समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, देश के मंत्रिमंडल ने इस संबंध में एक मसौदा आदेश सार्वजनिक चर्चा के लिए प्रस्तुत किया है।

सात महीने में चीनी का आयात चार गुना बढ़ा

ChiniMandi WhatsApp Channel

किर्गिस्तान में चीनी आयात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच देश ने कुल 66,900 टन चीनी का आयात किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में चार गुना है। ब्राजील, रूस, अजरबैजान, कजाखस्तान और बेलारूस किर्गिस्तान को चीनी की आपूर्ति करने वाले प्रमुख देश हैं। विदेशी बाजारों से बढ़ती आपूर्ति के कारण घरेलू चीनी उद्योग के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती बढ़ गई है।

घरेलू किसानों को कीमतों में गिरावट से बचाने की तैयारी

सरकार ने आशंका जताई है कि, नई घरेलू चीनी बाजार में आने से पहले यदि आयात जारी रहता है, तो बाजार में चीनी की अधिकता हो सकती है। इससे कीमतों पर नीचे की ओर दबाव पड़ेगा और स्थानीय चुकंदर उत्पादक किसानों की आमदनी प्रभावित हो सकती है। प्रस्तावित प्रतिबंध का उद्देश्य वर्ष 2026 की घरेलू चुकंदर फसल के प्रसंस्करण और बिक्री के दौरान स्थानीय किसानों तथा चीनी मिलों को संरक्षण देना है। सरकार चाहती है कि घरेलू उत्पादन को बाजार में उचित अवसर मिले और विदेशी चीनी की अधिक आपूर्ति से स्थानीय उद्योग प्रभावित न हो।

आयात प्रतिबंध में कुछ श्रेणियों को छूट

मसौदा आदेश में कुछ प्रकार की चीनी की खेपों को प्रस्तावित प्रतिबंध से बाहर रखने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत किर्गिस्तान से होकर पारगमन करने वाली सफेद चीनी पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। इसमें यूरेशियन आर्थिक संघ के सदस्य देशों के बीच परिवहन की जाने वाली खेपें भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुनः निर्यात के लिए भेजी जाने वाली चीनी, अतिरिक्त श्रेणी की चीनी और प्रतिबंध लागू होने से पहले रवाना की जा चुकी खेपों को भी छूट देने का प्रस्ताव है।

सार्वजनिक चर्चा के बाद होगा अंतिम निर्णय

चीनी आयात पर छह महीने तक रोक लगाने का प्रस्ताव फिलहाल सार्वजनिक चर्चा के लिए खुला है। इसे लागू करने के संबंध में अंतिम निर्णय अभी होना बाकी है।यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो वर्ष 2026 के चुकंदर प्रसंस्करण और बिक्री सीजन के दौरान घरेलू उत्पादन तथा बाजार की मांग के बीच संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है। साथ ही, इससे स्थानीय किसानों की आय और चीनी मिलों के कारोबार को विदेशी आपूर्ति से पड़ने वाले दबाव से बचाने का प्रयास किया जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here