कोल्हापुर : देश में उत्पादित कुल चीनी का लगभग 60 से 65 प्रतिशत हिस्सा व्यावसायिक उपयोग में आता है, जबकि केवल 35 प्रतिशत चीनी घरेलू उपभोग के लिए इस्तेमाल की जाती है। ऐसे में चीनी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों का कहना है कि, यदि चीनी को आवश्यक वस्तु अधिनियम से बाहर भी कर दिया जाए तो आम उपभोक्ताओं पर इसका विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा। चीनी उद्योग का मानना है कि, जब भी चीनी के दाम बढ़ते हैं, बाजार में महंगाई बढ़ने का संदेश जाता है और आम जनता पर बोझ बढ़ने की बात कही जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए उद्योग ने चीनी की दोहरी मूल्य (ड्यूल प्राइस) नीति लागू करने का सुझाव दिया है।
व्यावसायिक उपयोग के लिए अलग हो चीनी की कीमत…
उद्योग जगत के अनुसार, व्यावसायिक उपयोग के लिए चीनी को अधिक कीमत पर बेचा जा सकता है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कीमत नियंत्रित रखी जा सकती है। दोहरी मूल्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सरकार चीनी मिलों से चीनी खरीदकर उसे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अधिक दर पर उपलब्ध करा सकती है।चीनी उद्योग का कहना है कि, इस व्यवस्था से मिलों को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उद्योग ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।
सात वर्षों में एफआरपी में 900 रुपये की बढ़ोतरी…
चीनी मिल संचालकों के अनुसार, पिछले सात वर्षों में गन्ने की एफआरपी (फेयर एंड रेम्यूनरेटिव प्राइस) में प्रति टन लगभग 900 रुपये की वृद्धि हुई है, लेकिन इस दौरान चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल पर ही स्थिर बना हुआ है। वर्ष 2018-19 में गन्ने की एफआरपी 2,750 रुपये प्रति टन थी, जो वर्तमान सीजन में बढ़कर 3,650 रुपये प्रति टन हो गई है। हालांकि, चीनी की कीमतों में समान अनुपात में बढ़ोतरी नहीं होने से चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ गया है।
एफआरपी भुगतान में आ रही कठिनाइयां…
मिल संचालकों का कहना है कि, बढ़ती एफआरपी और स्थिर चीनी कीमतों के कारण किसानों को समय पर भुगतान करना कठिन हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए उद्योग ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं।
महाराष्ट्र के चीनी उद्योग की प्रमुख मांगें…
चीनी मिलों पर बकाया सभी ऋणों का 12 वर्षों के लिए पुनर्गठन किया जाए। इन ऋणों पर लगने वाले ब्याज का 50 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करे। किसानों की बकाया एफआरपी चुकाने के लिए बैंकों को अल्पकालिक ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं। एफआरपी का पूरा भुगतान होने तक मिलों के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। सभी अल्पकालिक ऋणों को दीर्घकालिक ऋण में परिवर्तित किया जाए। सह-उत्पादन (को-जनरेशन) परियोजनाओं से उत्पादित बिजली पर प्रति यूनिट 1.50 रुपये की सब्सिडी फिर से शुरू की जाए। पंजाब मॉडल की तर्ज पर चीनी उत्पादकों को 500 रुपये प्रति टन की सब्सिडी प्रदान की जाए। चीनी उद्योग का कहना है कि यदि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है तो चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और किसानों को समय पर गन्ना भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा।


















